Delhi के Mohan Garden में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, पांच पकड़े गए

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 15, 2026

राष्ट्रीय राजधानी में द्वारका के मोहन गार्डन इलाके में एक सरकारी स्कूल के बाहर 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना बुधवार शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मोहन गार्डन के पास हुई। उन्होंने बताया कि चाकू लगने से घायल छात्र को इलाज के लिए तारक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

उनके मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद जब प्रत्यक्षदर्शी पीड़ित समेत अपने दोस्तों के साथ बाहर निकला, तो आरोपी छात्र ने अन्य आरोपियों को उकसाया और इस दौरान हुए झगड़े में एक हमलावर ने पीड़ित को चाकू मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू स्कूल के मुख्य द्वार के पास से बरामद किया गया है और अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मौके से साक्ष्य जुटाए। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मोहन गार्डन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें तीन नाबालिग और दो वयस्क हैं। इनमें से तीन उसी स्कूल के छात्र हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

लखनऊ के फैजुल्लागंज में तटबंध निर्माण के लिए 182 करोड़ रुपये मंजूर, Rajnath Singh ने दिया भरोसा

ज्ञानेश कुमार के समर्थन में उतरे 30000 लोग, बयान से तहलका!

भारत और US Trade Deal के बड़े मुद्दों पर बनी सहमति, अंतिम रूप देने के करीब पहुंचे दोनों देश

मस्क ने दबाया किल स्विच बटन, चीख पड़ा यूक्रेन, सही निकला भारत का अनुमान!