By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण बढ़ने के बीच एयर प्यूरीफायर की बिक्री में तेजी आई है। कंपनियों और खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, दिवाली के बाद इनके बारे में ग्राहकों की पूछताछ और खरीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि, अब उपभोक्ता पूरे साल इस्तेमाल के लिए भी एयर प्यूरीफायर खरीदने लगे हैं।
पहले दिवाली के बाद एयर प्यूरीफायर की मांग में तेजी को हर साल होने वाली मौसमी घटना माना जाता था, लेकिन अब यह उपभोक्ताओं की बदलती खरीदारी की आदत का हिस्सा बन रही है। प्रदूषण बढ़ने पर अचानक खरीदारी करने के बजाय लोग अब पहले से ही एयर प्यूरीफायर खरीदने लगे हैं। उपभोक्ता इसे केवल प्रदूषण के मौसम में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद के बजाय सालभर घर में इस्तेमाल की जरूरत के रूप में देख रहे हैं।
पहले बड़े महानगरों तक सीमित माने जाने वाले इस बाजार में अब महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों से भी मांग बढ़ रही है। इससे पता चलता है कि एयर प्यूरीफायर का बाजार पारंपरिक महानगरीय क्षेत्रों से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर अब भी इस बाजार का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है।
वर्ष 2025 तक देश में एयर प्यूरीफायर की कुल बिक्री में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत थी। टाटा समूह की कंपनी इन्फिनिटी रिटेल, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की खुदरा श्रृंखला क्रोमा का संचालन करती है, ने बताया कि 2026 में एयर प्यूरीफायर की बिक्री की मात्रा दोगुने से अधिक हो गई है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शिवाशीष रॉय ने कहा, उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर, इस बाजार का सबसे मजबूत क्षेत्र बना हुआ है।
वहीं, मुंबई में भी वायु गुणवत्ता खराब होने के दौरान मांग बढ़ती है। उन्होंने कहा कि घर के भीतर हवा की गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ने से अधिक परिवार एयर प्यूरीफायर खरीद रहे हैं। हालांकि, प्रदूषण का मौसमी स्तर अब भी इनकी मांग बढ़ने का एक प्रमुख कारण है।
ऑनलाइन बाजार मंच अमेजन इंडिया ने भी मांग में तेज वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, उसके मंच पर पिछले एक सप्ताह में एयर प्यूरीफायर की बिक्री दोगुनी हो गई है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘अमेजन डॉट इन’ पर पिछले एक सप्ताह में एयर प्यूरीफायर की बिक्री दोगुनी हो गई है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अब कमरे के आकार, फिल्टर के प्रकार और हवा की गुणवत्ता बताने वाले रियल टाइम एक्यूआई सेंसर जैसी सुविधाओं के आधार पर अलग-अलग मॉडल तलाश रहे हैं। इसके लिए वे कंपनी के कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित शॉपिंग सहायक का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। अमेजन ने ग्राहकों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए अमेजन नाऊ पर एयर प्यूरीफायर की उपलब्धता बढ़ाई है।
इस मंच पर फिलिप्स, हनीवेल और यूरेका फोर्ब्स जैसे ब्रांड के उत्पाद 120 से अधिक शहरों में कुछ ही मिनटों में पहुंचाने की सुविधा दी जा रही है। दिल्ली में शनिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 367 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 17 में वायु गुणवत्ता गंभीर , 38 में बहुत खराब , तीन में खराब और एक में मध्यम श्रेणी में रही।
हालांकि, वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले दो दिनों में पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर में गिरावट का अनुमान जताया है। पहले फिलिप्स डोमेस्टिक अप्लायंसेज इंडिया के नाम से काम करने वाली कंपनी वर्सुनी इंडिया ने कहा कि उपभोक्ताओं के खरीदारी के तरीके में बदलाव आ रहा है। अब लोग प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ने का इंतजार करने के बजाय मौसमी प्रदूषण का स्तर बढ़ने से पहले ही एयर प्यूरीफायर खरीद रहे हैं।
वर्सुनी इंडिया की मुख्य विपणन अधिकारी पूजा बैद ने कहा, हालांकि, 2026 में पिछले साल के मुकाबले गंभीर प्रदूषण वाले दिनों की संख्या कम हुई है, लेकिन मांग लगातार बनी हुई है। इससे पता चलता है कि उपभोक्ता अब प्रदूषण बढ़ने पर घबराहट में खरीदारी करने के बजाय पहले से तैयारी कर रहे हैं। शाओमी इंडिया के उत्पाद विपणन विभाग के एसोसिएट निदेशक गौतम बत्रा ने कहा कि भारत में एयर प्यूरीफायर का बाजार सालाना करीब 20 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि अब इसकी मांग केवल मौसमी प्रदूषण तक सीमित नहीं रह गई है और लोग घर के भीतर हवा की गुणवत्ता के महत्व को भी समझने लगे हैं। बत्रा के अनुसार, शाओमी की एयर प्यूरीफायर की बिक्री में सालाना आधार पर करीब चार गुना वृद्धि हुई है। उत्पादों की बेहतर उपलब्धता और मांग के अनुरूप भंडार की योजना बनाने से भी बिक्री बढ़ाने में मदद मिली है।