By रितिका कमठान | Feb 17, 2025
राजधानी की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी बुधवार को दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का चयन कर सकती है। इससे पार्टी के शीर्ष विकल्प को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग जाएगा। पार्टी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि नवनिर्वाचित भाजपा विधायक 19 फरवरी को नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए बैठक कर सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सूत्रों ने आगे बताया कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। दिल्ली के नए नेता को चुनने के लिए बैठक पहले सोमवार को होनी थी, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर दिया गया। भाजपा के एक सूत्र ने बताया, "कल होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 19 फरवरी को होगी। मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह भी 18 फरवरी की बजाय 20 फरवरी को होगा।"
ये दिग्गज लेंगे सीएम शपथ ग्रहण में हिस्सा
भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री, एनडीए नेता, केन्द्रीय मंत्री, कॉरपोरेट जगत के उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
इनके नामों पर चर्चा तेज
राजधानी की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 26 साल से अधिक समय के अंतराल के बाद दिल्ली की सत्ता में आई। इसने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को हुआ और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए गए। दिल्ली के सीएम पद की दौड़ में कई नाम हैं, जिनमें सबसे प्रमुख नाम प्रवेश वर्मा का है।
प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराकर दिल्ली की राजनीतिक दौड़ में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति बन गए। सतीश उपाध्याय सीएम पद के लिए एक और मजबूत दावेदार हैं। उन्होंने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है और दिल्ली युवा विंग के अध्यक्ष भी रहे हैं। सूची में तीसरा नाम आशीष सूद का है। जितेंद्र महाजन को भी सीएम पद के लिए संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। दौड़ में पांचवां नाम विजेंद्र गुप्ता का है। यदि पार्टी किसी महिला नेता को चुनती है तो दिल्ली की पूर्व मेयर और पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता एक संभावना हो सकती हैं।