Delhi Police ने बीमा पर लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को पकड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

दिल्ली पुलिस ने जीवन बीमा पॉलिसी के बदले कर्ज दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि आरोपियों ने महावीर एन्क्लेव, पालम निवासी एक व्यक्ति से 2.76 लाख रुपये की ठगी की थी।

उन्होंने कहा कि पीड़ित ने 14 जुलाई 2020 को जीवन बीमा पॉलिसी खरीदी थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह उसकी किस्तें जमा नहीं कर पा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने उससे संपर्क कर बीमा पॉलिसी के बदले कर्ज दिलाने की पेशकश की और उन्होंने खुद को बैंक और बीमा अधिकारी बताकर प्रसंस्करण शुल्क, फाइल चार्ज, निकासी शुल्क, जीएसटी और अन्य खर्चों के नाम पर उससे बार-बार पैसे जमा कराए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को एक फर्जी संदेश भी भेजा, जिसमें दावा किया गया कि उसके खाते में 41,94,659.83 रुपये जमा किए गए हैं और इस रकम को जारी कराने के लिए और पैसे मांगे।

इस तरह पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में 2,76,012 रुपये स्थानांतरित कर दिए। अधिकारी ने बताया कि हालांकि, उसे न तो कर्ज मिला और न ही रकम वापस की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान तारिफ अनवर (34), अंसार अहमद (47), ओमेश्वर दयाल शर्मा (36) और अमित कुमार शर्मा (36) के रूप में हुई है।

इन्हें दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी बीमा पॉलिसी धारकों का डेटा जुटाते थे और उन्हें बैंक एवं बीमा अधिकारी बनकर फोन करते थे। ठगी की रकम हासिल करने और उसे आगे स्थानांतरित करने के लिए वे कमीशन पर बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें ठगी से संबंधित चैट, बैंक खातों का विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

CBIC लाएगा 70 लाख CGST करदाताओं के लिए फेसलेस और केंद्रीकृत आकलन का मसौदा

Cyclone Akwan: ओडिशा सरकार ने समुद्र तटों पर पर्यटन और मनोरंजक गतिविधियों को रोका

13.58 करोड़ मतदाताओं की सूची जारी, 2.58 करोड़ का अंतर: क्या आपका नाम भी UP की नई वोटर लिस्ट से बाहर है? 16 दिसंबर से पहले जान लें ये जरूरी बात!

अहमदाबाद मॉडल केरल पर न थोपें, V Sivankutty ने Twin City समझौते का किया कड़ा विरोध