Delhi Police ने 1.5 करोड़ रुपये के MDMA और कोकीन के साथ 4 तस्कर पकड़े

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में तीन नाइजीरियाई नागरिकों और दिल्ली के एक निवासी को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से 417 ग्राम एमडीएमए और 105 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 1.5 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी सहयोगियों के एक गिरोह के माध्यम से कथित तौर पर मादक पदार्थों की खरीद, भंडारण और आपूर्ति करते थे तथा थोक एवं खुदरा वितरण में शामिल थे।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची और पीटर तथा उसके दो सहयोगियों ओकाफोरो और अर्नेस्ट को पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान, टीम ने पीटर और ओकाफोरो के पास से क्रमशः 55 ग्राम और 301 ग्राम एमडीएमए बरामद किया, जबकि अर्नेस्ट के पास से 105 ग्राम कोकीन जब्त की गई। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पीटर और अर्नेस्ट ने सिंह के साथ अपने संबंधों का खुलासा किया, जिसके बाद सिंह को नीलोठी स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से 61 ग्राम और एमडीएमए बरामद किया। इस संबंध में अपराध शाखा थाने में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों विदेशी भारत में रहने के लिए वैध वीजा प्रस्तुत करने में नाकाम रहे जिसके बाद प्राथमिकी में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धाराएं भी जोड़ी गईं।

अधिकारी ने कहा कि पीटर 2013 में पर्यटन वीजा पर भारत आया था और वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था, जबकि अर्नेस्ट 2016 में कारोबारी वीजा पर आया था और ओकाफोरो 2020 में चिकित्सा वीजा पर आया था। पुलिस ने बताया कि इन तीनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में पूर्व में एनडीपीएस के तहत मामले दर्ज थे। पुलिस ने कहा कि सिंह व्यक्तिगत उपभोग के लिए मादक खरीदता था और इसी दौरान इन तीनों के संपर्क में आया था और बाद में पैसा कमाने के लिए नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने लगा।

पुलिस ने कहा कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

Amazon ने Devices Division में 250 कर्मचारियों को निकाला, Software पद सबसे ज्यादा प्रभावित

WPL ऑक्शन में MI ने हासिल किए 95-97% टारगेटेड खिलाड़ी, Jhulan Goswami ने दी जानकारी

Varanasi और Nagpur MLC चुनाव में BJP की हार, Congress सांसद Mallu Ravi ने गिनाई जीत

विप चुनाव नतीजे 2027 की जीत की नींव: Akhilesh Yadav बोले, BJP का प्रदर्शन डबल हार