By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को ‘डबल इंजन’ की ’डबल हार’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि इन नतीजों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत की नींव रख दी है। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहले मतगणना और फिर दोबारा मतगणना में हार गई। उन्होंने भाजपा को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव के नतीजे आगामी विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना हैं।
भाजपा की अंदरूनी फूट से ‘डबल इंजन’ की टकराहट और बढ़ गई है। इसीलिए भाजपाई प्रत्याशी विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत पूरी तरह हार गए हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि जो भाजपा अब तक प्रत्याशियों का सर्वे करा रही थी, वह अब दूरबीन लेकर प्रत्याशी ढूंढ़ रही है, मगर कहीं कोई नजर नहीं आ रहा है। यादव ने कहा कि वह सपा की इस उत्साहवर्धक जीत के लिए प्रदेश के शिक्षकगण और भविष्य को लेकर चिंतित युवाओं के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हैं।
सपा के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि बाकी जगहों पर उनके उम्मीदवारों को चालबाजी-जालसाजी से हराया गया। उन्होंने कहा, दरअसल हमारा कोई भी प्रत्याशी हारा नहीं है, बस वह भाजपाई हेराफेरी के आगे जीत नहीं पाया। हम उनका भी बराबर अभिनंदन करते हैं।
हमारे लिए वे सब भी बिना प्रमाणपत्र वाले विजेता हैं। यही सजगता और एकजुटता 2027 में हमारी सरकार बनाने के लिए निर्णायक नींव बनेगी।