By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 15, 2026
दिल्ली पुलिस ने अश्लील वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने वाले मेवात के एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को एक गुरुद्वारे के सेवादार को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 14.63 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने दूसरे फोन से कॉल की रिकॉर्डिंग भी कर ली। इसके बाद आरोपी गुरुग्राम पुलिस एवं यूट्यूब प्रतिनिधि बनकर उनसे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनलोगों ने अश्लील वीडियो देखने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने और गिरफ्तार किये जाने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि वीडियो को यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया मंचों से हटाने तथा प्राथमिकी से नाम निकलवाने के नाम पर पैसे मांगे गए। पुलिस ने बताया कि दबाव में आकर शिकायतकर्ता ने 11 से 27 सितंबर 2025 के बीच अपने और अपने भतीजे के बैंक खातों से आरोपियों को कुल 14,63,999 रुपये भेज दिए। उन्होंने बताया कि एक रिश्तेदार से घटना की चर्चा के बाद उन्होंने साइबर पुलिस और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि जांच में संदिग्ध बैंक खातों से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की 15 शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का पता चला है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।