By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
दिल्ली पुलिस ने देशभर में सक्रिय साइबर ठगी गिरोह के एक प्रमुख सदस्य के रूप में कथित तौर पर काम करने वाले 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी पर साइबर ठगों, अवैध ऑनलाइन गेमिंग संचालकों और अन्य गैरकानूनी वित्तीय नेटवर्क को बैंक खाते उपलब्ध कराने का भी आरोप है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान भाग सिंह के रूप में हुई है और उसे 18 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से छह मोबाइल फोन, 15 डेबिट कार्ड, नौ चेकबुक, चार पासबुक और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले का रहने वाला है और दिल्ली के बापरोला इलाके के जय विहार में रह रहा था।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेजों व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि सिंह की भूमिका का पता लगाया जा सके, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके और लेनदेन से लाभ पाने वाले अंतिम लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में पांच जुलाई को शाहदरा स्थित साइबर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, देशभर से मिली शिकायतों से जुड़े बैंक खातों का सत्यापन करने, लेनदेन की पूरी वित्तीय कड़ी का पता लगाने और कथित गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए मामले की जांच जारी है।