By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
दिल्ली पुलिस ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर एक कारोबारी से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उसके परिवार को धमकी देने के आरोप में 27 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपी की पहचान आशु मौर्य के रूप में हुई है। उसे जनकपुरी थाने में दर्ज रंगदारी की शिकायत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जनकपुरी निवासी कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसके परिवार से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार, एक बाइक टैक्सी चालक के जरिए उसके घर पर 10 रुपये के नोट का आधा टुकड़ा भी भेजा गया था, जिस पर लैमिनेशन किया गया था। इस तरह के नोट का इस्तेमाल हवाला लेन-देन में किया जाता है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने कारोबारी के घर और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और इस दौरान 22 वर्षीय बाइक टैक्सी चालक पंकज गौतम की पहचान हुई, जिसने लिफाफा पहुंचाया था। उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान गौतम ने पुलिस को बताया कि उसने ऑनलाइन एक काम स्वीकार किया था और इसके बाद वह गुरुग्राम के मानेसर से लिफाफा लेकर कारोबारी के घर पहुंचा था। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस एक ऐसे मोबाइल नंबर तक पहुंची, जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली के मूल निवासी मौर्य के नाम पर पंजीकृत था।
इसके बाद उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में मौर्य ने खुलासा किया कि उसे पैसों की जरूरत थी और उसने कारोबारी से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि उसके पिता पिछले 27 साल से कारोबारी के यहां चालक के रूप में काम कर रहे हैं और इस वजह से वह परिवार को अच्छी तरह जानता है।
अधिकारी के अनुसार, मौर्य ने कारोबारी को डराने के लिए फोन पर खुद को अनमोल बिश्नोई बताया। पुलिस के मुताबिक, उसे लगा कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े नाम का इस्तेमाल करने से कारोबारी डर जाएगा और पैसे दे देगा। पुलिस ने बताया कि मौर्य ने 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा लैमिनेट कराया और उसे एक लिफाफे में रखकर ऑनलाइन आपूर्ति सेवा के जरिए कारोबारी के घर भेज दिया।
इसके बाद उसने अनमोल बिश्नोई बनकर कारोबारी की पत्नी को धमकी भरे संदेश भेजे। पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक सिम कार्ड और लैमिनेट किए गए नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा बरामद किया है।