दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 06, 2025

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने कुख्यात कपिल सांगवान गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बवाना के औचंदी गांव का निवासी अमरदीप उर्फ ​​अमर लोचब (48) फरीदाबाद में हत्या के एक मामले में वांछित था और लगभग दो साल से फरार था।

पुलिस के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) और शस्त्र अधिनियम के तहत भी वांछित था। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) अमित कौशिक ने कहा, ‘‘एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम को मुंडका इलाके में टिकरी-झड़ौदा मार्ग पर एक नहर के निकट आरोपी को घूमते हुए देखा, जो जाहिर तौर पर किसी का इंतजार कर रहा था। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने लगा। थोड़ी देर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि अमरदीप, कपिल सांगवान गिरोह के लिए काम करता था।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने तीन आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की जिनमें से एक फरीदाबाद में एक गवाह की हत्या का मामला, महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत एक मामला और एक शस्त्र अधिनियम का मामला शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उसे मकोका मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘अमरदीप पर 30 जनवरी, 2024 को फरीदाबाद में सूरजभान उर्फ ​​बल्लू दीनपुर की हत्या का आरोप है। उसके आपराधिक इतिहास में 2013 के धोखाधड़ी मामले और द्वारका में 2020 के डकैती मामले में संलिप्तता शामिल है।’’ कौशिक ने कहा कि सांगवान गिरोह के नेटवर्क, सहयोगियों और हथियार आपूर्ति मार्गों के बारे में अधिक जानकारी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Delhi High Court ने Mahua Moitra के खिलाफ लोकपाल के आदेश को रद्द किया

Kanpur के जौहरी ने छोटे बेटे को मारा, बड़े को घायल किया, फिर आत्महत्या कर ली

Health Tips: 6 घंटे से कम नींद लेने पर हो जाना चाहिए अलर्ट, शरीर में शुरू हो जाती है गंभीर हलचल

Maharashtra Local Body Polls 2025: महाराष्ट्र में 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान जारी