Delhi Police ने Cyber Fraud के आरोपी को दबोचा, फर्जी पेमेंट दिखाकर ठगे 30 लाख रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 26, 2026

दिल्ली पुलिस ने फर्जी यूपीआई भुगतान के स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकानदारों से ठगी करने और बाद में उनके मोबाइल फोन चुराकर अनधिकृत वित्तीय लेनदेन करने के आरोप में 22 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि निखिल यादव को 20 अगस्त को दिल्ली के सदर बाजार में कपड़े की एक दुकान के मालिक से एक लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।

रकम ऐसे बैंक खातों में भेजी जाती थी, जिनका इस्तेमाल दूसरों की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था। कुछ मामलों में रकम एटीएम से निकाल ली जाती थी, ताकि पैसों का पता लगाना मुश्किल हो। पुलिस ने बताया कि अब तक सामने आए मामलों में ठगी गई कुल रकम 30.81 लाख रुपये से अधिक है।

मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, जांच शुरू होने का आधार 29 मार्च को सदर बाजार में कपड़े की दुकान के मालिक विष्णु कुमार गोयल की शिकायत थी। पुलिस ने बताया कि यादव ने गोयल से कपड़े खरीदे और फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाया।

जब दुकानदार को पता चला कि भुगतान नहीं हुआ है तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके मोबाइल फोन तक पहुंच बनाई और उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। अधिकारी ने कहा, ‘‘साइबर नॉर्थ थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैंकिंग एवं यूपीआई लेनदेन और दूरसंचार रिकॉर्ड के तकनीकी विश्लेषण से पुलिस मलकागंज की 27 वर्षीय शाहिना के नाम पर ऐसे बैंक खाते तक पहुंची, जिसका इस्तेमाल रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था।

उसे पकड़ा गया और उसने बताया कि उसने रकम बुराड़ी निवासी 25 वर्षीय तरुण को भेजी थी।’’ इसके बाद तरुण को भी पकड़ लिया गया। उसने पुलिस को बताया कि रकम यादव को दी गई थी। पुलिस ने कहा कि तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ यादव के बयानों का मिलान करने पर उसे दिल्ली और मुंबई में दर्ज सात अन्य मामलों से भी जोड़ा गया।

इनमें दिल्ली के साइबर नॉर्थ वेस्ट, मॉडल टाउन, सराय रोहिल्ला, सब्जी मंडी और रूप नगर थानों तथा मुंबई के शिवड़ी और तारदेव थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘यादव ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और वह पहले भी दिल्ली तथा मुंबई में दर्ज चोरी और ठगी के आठ मामलों में आरोपी है। मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

FIFA की पारदर्शिता पर सवाल, Gianni Infantino को वर्ल्ड कप संस्था से मिले 1.72 मिलियन डॉलर

एक से बढ़कर एक हथियार से भारत को लैस कर रहा रूस, SU-57 के बाद अब T-72 टैंक की बारी

ICC Women ODI Rankings में Smriti Mandhana नंबर 1 पर बरकरार, मिले 790 रेटिंग अंक

Riyadh Airport पर कामकाज बंद, Saudi Arabia हमले में 1 भारतीय की मौत और 4 ICU में भर्ती