Delhi Police ने Instagram और Amazon के नाम पर ठगी करने वाले दो जालसाजों को पकड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

दिल्ली पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज और अमेजन के प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि पुलिस ने ठगी के 1.04 लाख रुपये बरामद कर एक पीड़िता को वापस करा दिए हैं।

उनके अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरोह के कथित सरगना अशोक कुमार मीणा (32) और उसके साथी अजय मीणा (20) के रूप में हुई है। अशोक को दिल्ली से जबकि अजय को राजस्थान के जयपुर जिले के जमवारामगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने इंस्टाग्राम पर एक पेज से 999 रुपये का बैग मंगाया था और इसके बाद एक व्यक्ति ने उससे अमेजन का प्रतिनिधि बनकर संपर्क किया और अलग-अलग बहाने से 14 बार में यूपीआई के जरिए 1,03,973 रुपये ठग लिए गए।

मित्तल ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर सस्ते सामान का लालच देकर फर्जी खरीदारी पेज चलाते थे और ग्राहकों को अग्रिम भुगतान के लिए व्हाट्सऐप पर बात करने लिए कहते थे। उन्होंने कहा कि इसके बाद अमेजन का प्रतिनिधि बनकर उनसे ऑफर सत्यापन, प्रसंस्करण शुल्क और रकम वापस करने के नाम पर बार-बार भुगतान कराया जाता था। पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम को छिपाने के लिए ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के क्यूआर कोड और गेमिंग आईडी के जरिए इधर-उधर भेजा गया, ताकि पैसे के लेन-देन का पता न चल सके।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध व्हाट्सऐप नंबर और तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर गिरोह का पता लगाया। उनके मुताबिक, जांच के दौरान चार मोबाइल फोन, फर्जी पैन और आधार कार्ड, अमेजन के फर्जी पहचान पत्र, क्यूआर कोड और सात फर्जी इंस्टाग्राम शॉपिंग पेजों का डिजिटल ब्योरा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 57 संभावित पीड़ितों के मोबाइल नंबरों की सूची और नौ अन्य पीड़ितों से जुड़ी बातचीत भी मिली है।

मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

ड्राफ्ट देखे बिना Delimitation Bill पर फैसला नहीं, सुप्रिया सुले ने NCP-SP के पत्ते अभी नहीं खोले

BJD ने Women Reservation Bill का किया समर्थन, Delimitation में Odisha के हितों की मांग की

Bengaluru में Vidhana Soudha और डिप्टी सीएम आवास को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी, आरोपी अरेस्ट

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में AAP नेता दीपक सिंगला को बड़ी राहत, SC से मिली अंतरिम जमानत