Delhi Police का 'Operation Cyber Clean': 40 करोड़ के Online Fraud का पर्दाफाश, 89 अपराधी शिकंजे में

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 20, 2026

दिल्ली पुलिस ने अप्रैल में पश्चिमी दिल्ली में एक महीने तक चले अभियान के दौरान कई अंतरराज्यीय साइबर जालसाज़ गिरोहों का भंडाफोड़ किया और 89 अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली सहित कई राज्यों में चलाए गए अभियानों के दौरान 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 54 लोगों को पाबंद किया गया और साइबर धोखाधड़ी के 34 मामलों को हल किया गया।

पुलिस ने बताया कि टीमों ने महीने के दौरान बैंकों के साथ समन्वय करके 1.11 करोड़ रुपये ठगों के पास जाने से रोके। इसके अतिरिक्त, अदालती आदेशों के माध्यम से पीड़ितों को 51.95 लाख रुपये वापस किए गए। एक बड़े अभियान में, पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के करमपुरा से कथित तौर पर संचालित हो रहे एक अत्यधिक संगठित ‘म्यूल’ खाता और ओटीपी साझा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने डीएल ऑफिस नामक एक सोशल मीडिया ग्रुप का इस्तेमाल ओटीपी साझा करने और पूरे भारत में साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले ‘म्यूल’ बैंक खातों को संचालित करने के लिए किया।

आरोपियोंकी पहचान बिट्टू चौधरी, लविश चुघ, ऋषि, अरुण सिंह, आशीष और दीपक भट्ट के रूप में हुई है। उन्होंने कथित तौर पर छापेमारी के दौरान एक इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि समन्वय पोर्टल के माध्यम से किए गए तकनीकी विश्लेषण से पता चला है कि यह गिरोह लगभग 40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से संबंधित 35 शिकायतों से जुड़ा हुआ है। यह शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनआरसीपी) पर की गई थी।

एक अलग अभियान में, पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी के एक मामले का पर्दाफाश किया, जिसमें एक वरिष्ठ नागरिक को कथित तौर पर फर्जी धनशोधन मामले में कानून प्रवर्तन अधिकारी बनकर जालसाज़ों ने धमकाया। पुलिस ने पंजाब और झारखंड से चार आरोपियों - अशोक कुमार, सूरज कुमार, दीपू कुमार और विवेक कुमार - को कथित तौर पर ‘म्यूल’ खाते संचालित करने और धोखाधड़ी से प्राप्त धन को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court का निर्देश, पुलिस थानों में 24 घंटे चालू रहने चाहिए CCTV कैमरे

Delhi में सबसे गोल-मटोल कुत्ते के खिताब के लिए Gola और Gugu के बीच फाइनल मुकाबला

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार: AAP ने मंत्री Parvesh Verma के खिलाफ ACB में दर्ज कराई शिकायत

Ukraine के Power Grid पर Russia का बड़ा हमला, एक बच्चे समेत 7 नागरिकों की मौत