By एकता | Nov 22, 2026
हरियाणा के सोनीपत में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दूल्हे ने कथित तौर पर दहेज में अपनी पसंद की कार नहीं मिलने पर शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि दूल्हा अपने परिवार के साथ शादी समारोह से वापस लौट गया और दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठी इंतजार करती रह गई।
यह घटना 20 नवंबर को सोनीपत के ममचंद वाटिका में हुई। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हा कुलदीप ने हुंडई ऑरा की जगह मारुति ब्रेजा कार की मांग की थी। परिवार ने करीब 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा बुक कराई थी, जबकि दूल्हा करीब 13 लाख रुपये की ब्रेजा चाहता था।
दुल्हन के परिवार ने दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पिता का दावा है कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
शिकायत के मुताबिक, सुभाष कुमार ने करीब छह महीने पहले अपनी बेटी हीना की शादी कुलदीप के साथ तय की थी। शादी की तारीख 20 नवंबर रखी गई थी। पिता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद से ही दूल्हे के परिवार की ओर से कार और गहनों की मांग की जाने लगी थी। उन्होंने दूल्हे के लिए करीब 9.5 लाख रुपये की कार बुक कराई थी।
हालांकि, शादी से एक दिन पहले उन्हें बिचौलियों के जरिए पता चला कि कुलदीप इस कार से खुश नहीं है और उसे मारुति ब्रेजा चाहिए। इसके बाद परिवार ने पहले वाली कार की बुकिंग रद्द कर दी और ब्रेजा की तलाश शुरू की। लेकिन शादी में बहुत कम समय बचा होने के कारण वे समय पर कार का इंतजाम नहीं कर पाए।
सुभाष कुमार ने अपनी शिकायत में कार के अलावा गहनों की मांग का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि परिवार ने दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल देने की बात मान ली थी।
इसके अलावा दूल्हे के बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग की गई थी। दुल्हन के परिवार का दावा है कि उन्होंने इन गहनों के ऑर्डर भी दे दिए थे। शादी के लिए फर्नीचर और घर का दूसरा सामान भी खरीदा गया था। पिता के मुताबिक, सिर्फ फर्नीचर पर करीब 1.32 लाख रुपये खर्च हुए थे।
शादी के दिन ममचंद वाटिका में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। करीब 1,200 मेहमानों के लिए खाने का इंतजाम किया गया था। लेकिन आरोप है कि कुलदीप पूरी बारात लेकर पहुंचने के बजाय अपनी मां के साथ सामान्य कपड़ों में समारोह स्थल पर आया। वहां उसने ब्रेजा कार के बारे में पूछा। जब कार नहीं मिली तो दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई।
सुभाष कुमार का आरोप है कि दूल्हे ने दुल्हन के परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज की। इस दौरान हीना के भाई साहिल के साथ भी उसका विवाद हुआ। पिता के मुताबिक, परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने कुलदीप और उसकी मां से बार-बार हाथ जोड़कर शादी की रस्में पूरी करने की गुहार लगाई, लेकिन वे नहीं माने और आखिरकार वहां से चले गए।
दूल्हे के वापस लौटने के बाद दुल्हन हीना शादी के जोड़े में मंडप पर बैठी इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा नहीं आया। पिता का दावा है कि दूल्हे की तरफ से समारोह में केवल 20 से 30 लोग ही पहुंचे थे। दूल्हे के जाने के बाद दुल्हन की तरफ से आए कई मेहमान भी बिना खाना खाए लौट गए। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सामाजिक शर्मिंदगी भी उठानी पड़ी।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुभाष कुमार ने थाने में लिखित शिकायत देकर कुलदीप और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पिता ने बताया कि उनकी बेटी हीना ने एमए और जेबीटी की पढ़ाई की है। परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के हिसाब से शादी की सभी तैयारियां की थीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और आगे की जानकारी का इंतजार है।