Gurugram में 32 Milestone के डायरेक्टर समेत 4 अरेस्ट, दुकान के नाम पर ठगे 32 लाख

Gurugram में 32 Milestone के डायरेक्टर समेत 4 अरेस्ट, दुकान के नाम पर ठगे 32 लाख
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

गुरुग्राम में दुकान का आकार बढ़ाकर दिखाने और 32.45 लाख रुपये हड़पने के आरोप में 32 माइलस्टोन के डायरेक्टर अनुभव शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों ने कागजों में 40 वर्ग फुट क्षेत्रफल दिखाकर असल में 9.88 वर्ग फुट की दुकान बेची थी। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

हरियाणा के गुरुग्राम में एक मुक्तांगन मनोरंजन केंद्र में एक दुकान बेचने के दौरान उसके वास्तविक क्षेत्रफल से अधिक क्षेत्रफल दर्शाकर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 32.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के लिए 32 एवेन्यू के निदेशकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, ‘कन्वेयंस डीड’ में दुकान का क्षेत्रफल 40 वर्ग फुट दर्ज किया गया था, जबकि उसका वास्तविक क्षेत्रफल केवल 9.88 वर्ग फुट था।

शनिवार को शहर की एक अदालत में पेश किए जाने के बाद सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता ने छह अगस्त को आरोप लगाया था कि आरोपियों ने गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित 32 माइलस्टोन में दुकान संख्या जी-165ए बेचने के नाम पर उससे 32,45,000 रुपये लिए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शुरुआत में कुछ समय तक किराये का भुगतान किया, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद इस संबंध में मामला दर्ज किया गया और इसके बाद गुरुग्राम की आर्थिक अपराध शाखा-एक ने मामले की जांच की जिम्मेदारी संभाली। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान टीम ने चार आरोपियों- सरीन शर्मा, ध्रुवदत्त शर्मा, अनुभव शर्मा और ममता शर्मा को गिरफ्तार किया। ये सभी गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित ‘32 माइलस्टोन’ के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि अनुभव शर्मा ‘32 माइलस्टोन’ के निदेशक हैं। पुलिस ने बताया कि आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी ममता शर्मा, बेटे, बेटी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को दुकान का वास्तविक क्षेत्रफल काफी कम होने के बावजूद बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया और उसे बेचकर धोखाधड़ी की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया था कि संबंधित दुकान को ग्रोथ हॉस्पिटैलिटी एलएलपी के माध्यम से किराये पर दिया जाएगा और उसे नियमित रूप से किराये की आय मिलेगी।

यह कंपनी भी आरोपी अनुभव शर्मा की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुछ समय तक शिकायतकर्ता को किराये का भुगतान किया, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस तरह उन्होंने शिकायतकर्ता से करीब 32.45 लाख रुपये की कथित तौर पर धोखाधड़ी की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बैंक के पास गिरवी रखी गई संपत्तियों को बेचकर कुछ अन्य निवेशकों के साथ भी कथित तौर पर धोखाधड़ी की है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, संबंधित दस्तावेजों, ठगी की रकम के इस्तेमाल और ऐसे अन्य संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।

मामले में जांच जारी है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़