By अंकित सिंह | Oct 20, 2026
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास से जुड़े अनधिकृत प्रवेश (trespassing) के मामले को जांच के लिए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। यह कदम तब उठाया गया है, जब उनकी न्यायिक हिरासत को दो दिन और बढ़ा दिया गया था। अब इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी। यह मामला जंतर-मंतर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने से जुड़ा है। आरोप है कि ये दोनों नेता एक बंद गेट के ऊपर से चढ़कर परिसर के अंदर दाखिल हुए थे। बता दें कि जंतर-मंतर को पहले ही विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह की सूची से हटा दिया गया था।
पुलिस ने अब इस मामले को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की 'इंटर स्टेट सेल' यूनिट को सौंप दिया है। दिन में इससे पहले, दास और आशुतोष रांका को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में एक नवनियुक्त विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें दो और दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, रांका और दास को बुधवार को फिर से विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
यह घटनाक्रम CJP के उन आरोपों के बीच सामने आया है, जिसमें कहा गया है कि संगठन के दो सह-संयोजकों की रिहाई को रोकने के लिए जानबूझकर जमानत की प्रक्रिया में देरी की गई। इन दोनों को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए पाबंदियों का उल्लंघन करने के आरोप में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इन दोनों को तब हिरासत में लिया गया था, जब वे कथित तौर पर एक बंद गेट को फांदकर जंतर-मंतर में दाखिल हुए थे। जंतर-मंतर को पहले ही विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के रूप में हटा दिया गया था।
CJP के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ, उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया और एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।