By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 24, 2023
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में तोड़फोड़ रोधी जांच, सत्यापन अभियान और गश्त तेज कर दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बम निरोधक दल द्वारा श्वान दस्ते के साथ बाजारों, अधिक भीड़ वाले इलाकों और अन्य प्रमुख स्थानों पर तोड़फोड़ रोधी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस होटलों और लॉज आदि की जांच कर रही है और साथ ही वहां के कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए कह रही है।
होटलों, अतिथि गृहों और ‘धर्मशालाओं’ में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कई जिलों ने आतंकवाद विरोधी उपायों के लिए अपनी तैयारियों की जांच के लिए औचक जांच (मॉक ड्रिल) भी की है। अधिकारियों के अनुसार, अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय करते हुए आतंकवाद रोधी उपाय तेज कर दिए गए हैं क्योंकि दिल्ली हमेशा आतंकवादियों या असामाजिक तत्वों के निशाने पर रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस साल, सीमाई इलाकों में अतिरिक्त चौकियों की स्थापना कर तैनाती की गई है ताकि अवांछित तत्व राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश न कर सकें।