By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
दिल्ली पुलिस ने छह दिन की गहन जांच के बाद लगभग 55 लाख रुपये के सोने के आभूषणों से भरा वह बैग बरामद कर लिया है, जो कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) पर किसी अन्य यात्री के बैग से गलती से बदल गया था। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शुरुआत में इस घटना की शिकायत चोरी के रूप में दर्ज की गई थी लेकिन बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि यह चोरी नहीं बल्कि गलती से बैग बदल जाने का मामला था।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को अमृत राज वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आईएसबीटी की पहली मंजिल पर प्रवेश द्वार के पास लगी एक्स-रे स्क्रीनिंग मशीन के नजदीक से उनका काले रंग का बैग गायब हो गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बैग में सोने के आभूषण, कपड़े, आधार कार्ड, मोबाइल चार्जर और लगभग 9,000 रुपये नकद रखे हुए थे। शिकायतकर्ता ने इन आभूषणों की कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी थी।
इसके बाद 13 नवंबर को कश्मीरी गेट थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस की टीम ने पूरे आईएसबीटी परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही बैग ले जाने वाले व्यक्ति की आवाजाही का पता लगाने के लिए विभिन्न बस मार्गों की पड़ताल की गई, टिकटों का सत्यापन किया गया और वित्तीय लेनदेन का भी विश्लेषण किया गया।
जांचकर्ताओं ने बेंगलुरु से शुरू हुई एक बस यात्रा का पता लगाया और वित्तीय विवरणों की जांच की, जिसमें बेंगलुरु बस डिपो से जुड़ा 174 रुपये का लेनदेन और उसके बाद किए गए भुगतान शामिल थे। सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और निरंतर छानबीन के माध्यम से पुलिस ने 18 नवंबर को रुद्रप्रयाग में उस व्यक्ति का पता लगा लिया, जिसकी पहचान बेंगलुरु में काम करने वाले एक स्थानीय निवासी के रूप में हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘टीमों ने पाया कि अपने गंतव्य पर पहुंचने के बाद उस व्यक्ति को भी अपनी गलती का अहसास हो गया था और उसने पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को इसकी सूचना देने की कोशिश की थी।
लेकिन वह पहले ही दिल्ली से बाहर निकल चुका था, इसलिए उसकी कॉल दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष से नहीं जुड़ सकी।’’ अधिकारी ने कहा कि उसने बैग को अपने पास सुरक्षित रखा था और जांच दल द्वारा संपर्क किए जाने पर उसे वापस लौटा दिया। लगभग 55 लाख रुपये मूल्य के सभी आभूषण सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिए गए।