विजय अभियान जारी रखने उतरेगा दिल्ली, रबाडा और पंत पर होगी निगाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 17, 2019

नयी दिल्ली। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज कैगिसो रबाडा के बेजोड़ प्रदर्शन से जीत की हैट्रिक बनाने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुरुवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में विजय अभियान जारी रखने उतरेगी जिसमें फिर से निगाहें ऋषभ पंत पर टिकी रहेंगी जो विश्व कप टीम में जगह नहीं पाने के कारण चर्चा के केंद्र में हैं। भारतीय चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिये पंत की जगह अनुभवी दिनेश कार्तिक को प्राथमिकता दी है। इसके बाद यह पहला मैच होगा और यह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज पिछले दो दिन की घटनाओं को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करके अपने समर्थकों में जोश भरना चाहेगा। पंत ने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में 27 गेंदों पर 78 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे दिल्ली ने यह मैच 37 रन से जीता था। मुंबई के गेंदबाजों के लिये जहां पंत, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी साव को रोकना चुनौती होगी वहीं उसके बल्लेबाजों के लिये रबाडा के तूफान से पार पाना आसान नहीं होगा।  दिल्ली ने अब तक आठ में से जो पांच मैच जीते हैं उनमें रबाडा की भूमिका अहम रही है। इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने अब तक 17 विकेट लिये हैं और हमवतन क्रिस मौरिस (11 विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया है। 

इसे भी पढ़ें: ऋषभ पंत के बजाय रायुडू को बाहर किये जाने पर बहस की जानी चाहिए: गंभीर

दिल्ली ने जहां पिछले तीनों मैच जीते हैं वहीं मुंबई की टीम अभी तक जीत की लय बरकरार रखने में नाकाम रही है। बल्लेबाजी में अक्सर हार्दिक पंड्या ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करके टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। कीरेन पोलार्ड, युवराज सिंह और सूर्यकुमार यादव टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाये हैं। शीर्ष क्रम नाकाम रहने पर इनकी भूमिका अहम साबित होगी। दिल्ली और मुंबई दोनों के अभी आठ आठ मैचों में दस अंक हैं और वे यहां जीत दर्ज करके प्लेआफ के लिये अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे। दिल्ली अभी बेहतर रन रेट के आधार पर दूसरे और मुंबई तीसरे स्थान पर है। मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से शुरू होगा। 

प्रमुख खबरें

जमुई मामले में Samrat Choudhary के खिलाफ POCSO FIR की मांग, सचिवालय थाने पहुंचीं Misa Bharti

Uttarakhand में भारी बारिश का Red Alert, CM Pushkar Singh Dhami ने 24 घंटे सतर्क रहने के दिए निर्देश

Punjab में चार वर्षों में आया 1.89 लाख करोड़ का निवेश, CM Bhagwant Mann ने दी जानकारी

Manipur में बंद और नाकेबंदी से हर दिन 25-30 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान: CM Y Khemchand