Delhi Rainfall ने तोड़ा 2011 के बाद का रिकॉर्ड, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 08, 2026

नयी दिल्ली, सात अगस्त दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। महीने के पहले सात दिनों में 127 मिलीमीटर बारिश हुई। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में पूरे दिन लगातार बारिश होती रही।

आईएमडी ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे के बीच मयूर विहार में 24 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके बाद पुष्प विहार में 19 मिमी, प्रगति मैदान में 12.5 मिमी और छतरपुर में 10.5 मिमी बारिश हुई। अपेक्षाकृत कम बारिश वाले इलाकों में पूसा में पांच मिमी, नजफगढ़ और पीतमपुरा में चार मिमी, नारायणा में 2.5 मिमी, झरोदा कलां में एक मिमी और जाफरपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिनभर में दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में सबसे अधिक 111.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद छतरपुर में 104.5 मिमी बारिश हुई। अन्य स्थानों पर भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। आया नगर में 87.4 मिमी, पालम में 73.5 मिमी, जनकपुरी में 68 मिमी, झरोदा कलां में 67 मिमी, पूसा में 59.5 मिमी, सफदरजंग में 57.3 मिमी, नारायणा में 53 मिमी, रिज में 49.6 मिमी, लोधी रोड में 49.3 मिमी, मयूर विहार में 36 मिमी, नजफगढ़ में 24 मिमी और जाफरपुर में 13.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश का मुख्य कारण मानसून ट्रफ का सक्रिय होना, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के साथ बना कम दबाव का क्षेत्र, और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, कल से दिल्ली में बारिश, सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण हो रही है, जो दिल्ली तथा उत्तर और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों से गुजरते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। कल से दिल्ली में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है, और अगले दो दिनों के दौरान शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है।

दिन में इससे पहले मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जारी किया था कि आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दिन में भारी बारिश हो सकती है। पूरे दिन मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी। बारिश का दौर 10 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।

प्रमुख खबरें

Dehradun में सड़क धंसने पर PWD के तीन इंजीनियर सस्पेंड, जांच के बाद हुई कार्रवाई

Jharkhand सरकार से वार्ता के बाद JPSC अभ्यर्थी आंदोलन पर अड़े, 10 अगस्त को विधानसभा मार्च की चेतावनी

Astrobase ने पेश किया भारत का पहला FFSC rocket engine Everest, 800 kN थ्रस्ट से है लैस

Rahul Gandhi बोले: महिलाओं की आवाज के बिना देश अधूरा और पिछड़ा रहेगा