2020 Delhi Riots: हत्या मामले में अदालत ने 7 आरोपियों को किया बरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026

राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला से जुड़े मामले में सात लोगों को हत्या और अन्य गंभीर आरोपों से मुक्त कर दिया, लेकिन उन्हें निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का दोषी ठहराया। अदालत ने कहा कि केवल एक पुलिसकर्मी की गवाही के आधार पर आरोपियों को जानलेवा हमले का दोषी ठहराना उचित नहीं होगा, क्योंकि उसकी गवाही की पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्यों की जरूरत थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने सातों आरोपियों को हत्या, घातक हथियारों के साथ दंगा करने और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने समेत अन्य आरोपों से बरी कर दिया।

अदालत ने कुलदीप सिंह, हरजीत सिंह उर्फ हैप्पी, राहुल उर्फ अजय, सचिन रस्तोगी, भरत भूषण उर्फ लकी, संदीप उर्फ संजीव और धर्मेंद्र को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत लगाए गए निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष ने सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) अनिल कुमार की गवाही पर भरोसा किया, जिन्होंने दावा किया था कि उन्होंने हमले को अपनी आंखों से देखा था। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शी बताए गए अन्य गवाहों ने अभियोजन पक्ष के दावों का समर्थन नहीं किया।

अदालत ने यह भी पाया कि अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए वीडियो की गुणवत्ता बेहद खराब थी और उसमें दिखाई देने वाले लोगों के चेहरे पहचाने नहीं जा सकते थे। न्यायाधीश ने टिप्पणी की कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में विफल रहा कि वीडियो में जिस व्यक्ति को पीटते हुए देखा जा सकता है, वह बब्बू ही था या आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया था। मामले में एक अन्य आरोपी सचिन गुप्ता उर्फ मोपी को संदेह का लाभ देते हुए सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।

अदालत ने दोषियों को सजा सुनाए जाने के संबंध में दलीलें सुनने के लिए मामले को सूचीबद्ध कर दिया।

प्रमुख खबरें

खैर तस्करी गिरोह पर शिकंजा, Gurugram से 15 टन अवैध लकड़ी जब्त और व्यापारी अरेस्ट

SEBI ने कल्ट डॉट फिट और ईश्वरी ग्लोबल समेत 3 कंपनियों को IPO लाने की दी हरी झंडी

व्यापार असंतुलन पर Nirmala Sitharaman के बयान के बाद China ने दिया बातचीत का भरोसा

HRCP की रिपोर्ट: Pakistan में अल्पसंख्यकों के मौलिक अधिकारों का हनन जारी, ईशनिंदा कानून के दुरुपयोग पर चिंता