By अंकित सिंह | Sep 30, 2024
मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व में दिल्ली के कैबिनेट मंत्रियों ने दिवाली तक राष्ट्रीय राजधानी को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए शहर भर में क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण और पहचान करने के लिए सोमवार सुबह काम शुरू किया। आतिशी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों के साथ दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। एक्स पर एक पोस्ट में, मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें एनएसआईसी ओखला, मोदी मिल फ्लाईओवर, चिराग दिल्ली, तुगलकाबाद, मथुरा रोड, आश्रम चौक और इसके अंडरपास में सड़कें जर्जर हालत में मिलीं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मंत्री गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने भी सड़कों का निरीक्षण किया। राय ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में गहलोत ने पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में, हुसैन ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में और अहलावत ने उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में सड़कों का निरीक्षण किया। रविवार को आतिशी ने शहर में सड़कों की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की और कहा कि सभी मंत्री एक सप्ताह के लिए निर्दिष्ट क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण करेंगे ताकि मरम्मत की आवश्यकता वाली सड़कों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा था कि निरीक्षण के बाद मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा और अक्टूबर के अंत तक सभी सड़कें गड्ढा मुक्त होने की उम्मीद है।