By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
नयी दिल्ली, पांच नवंबर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के एक कार्यक्रम के मद्देनजर इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास की कई सड़कों पर पांच नवंबर को शाम चार बजे से छह बजे तक यातायात बाधित रहेगा। यातायात संबंधी परामर्श में यह जानकारी दी गई। दिल्ली यातायात पुलिस के परामर्श के मुताबिक, शाम चार बजे से सचिवालय मार्ग और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सचिवालय मार्ग, वेलोड्रोम रोड, आईपी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, रिंग रोड, सलीमगढ़ बाईपास और पावर हाउस रोड पर वाहनों को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस परामर्श के अनुसार बनाएं, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इसके साथ ही, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे की ओर जाने वाले लोगों को पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलने के लिए कहा गया है।