By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026
नयी दिल्ली, 27 जुलाई दिल्ली के परिवहन क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति को वापस लेने की मांग को लेकर चार अगस्त को संसद तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की। ‘दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन’ और अन्य संगठनों ने यह आह्वान किया। ‘दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा, “हम एथनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति को वापस लेने की मांग को लेकर चार अगस्त को संसद तक विरोध मार्च निकालने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमने कहा है कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल यात्रियों पर जबरदस्ती नहीं थोपा जाना चाहिए। लोगों के पास विकल्प होना चाहिए, लेकिन फिलहाल कोई विकल्प नहीं दिया जा रहा है। हम संसद तक होने वाले विरोध मार्च का समर्थन कर रहे हैं।” एसोसिएशन की ओर से अभी तक किसी हड़ताल का आह्वान नहीं किया गया है।
‘ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा, “यह एक बड़ा मुद्दा है। इससे वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। हमें उम्मीद है कि सरकार ई-20 मिश्रित पेट्रोल को यात्रियों के लिए वैकल्पिक बनाएगी।” सोशल मीडिया पर ‘ई-20 जनता पार्टी’ नाम के ऑनलाइन आंदोलन शुरू होने के कुछ दिनों बाद इस विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है।
यह आंदोलन ‘कॉजपा’ की तर्ज पर शुरू किया गया है और ‘इंस्टाग्राम’ तथा ‘एक्स’ पर इसे बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला है। ई-20 एथनॉल मिश्रण नीति को लेकर लंबे समय से बड़ा विवाद जारी है। यह विवाद मुख्य रूप से वाहनों की माइलेज कम होने, इंजन के खराब होने की आशंका और हितों के टकराव के आरोपों को लेकर है।