Delhi Public Transport में बड़ा बदलाव, Free Travel के लिए आया 'Pink Saheli' Smart Card

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 02, 2026

 दिल्ली सरकार महिलाओं और ‘ट्रांसजेंडर’ को मुफ्त बस यात्रा तथा एक ही स्मार्ट कार्ड के जरिये विभिन्न सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों तक पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को शुरू किए गए ‘पिंक सहेली’ कार्ड के वितरण के लिए राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 50 केंद्र स्थापित करेगी। एक बयान के अनुसार, कार्ड जारी करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालयों सहित करीब 50 केंद्र तथा दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के कुछ चयनित स्थानों को अधिकृत किया जाएगा। प्रत्येक पिंक कार्ड लाभार्थी के मोबाइल नंबर और आधार से जुड़ा होगा, जिससे आयु, लैंगिक पहचान और दिल्ली में निवास होने की पुष्टि की जा सकेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां आयोजित एक समारोह में ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ तथा महिलाओं से जुड़ी दिल्ली सरकार की तीन अन्य कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। योजना के तहत दिल्ली की निवासी पात्र महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके अलावा इस कार्ड का उपयोग दिल्ली मेट्रो और रिजनल रेपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में सशुल्क यात्रा के लिए किया जा सकेगा। बयान में कहा गया है कि पिंक कार्ड वर्तमान कागज आधारित गुलाबी टिकट का स्थान लेगा।

इससे सार्वजनिक परिवहन अधिक सुलभ, प्रौद्योगिकी-आधारित और सुरक्षित बनेगा। इस कार्यक्रम के तहत तीन प्रकार के कार्ड जारी किए जाएंगे पात्र महिला के लिए पिंक, सामान्य यात्रियों के लिए ‘ब्लू’ और मासिक पास के लिए ‘ऑरेंज’ कार्ड होंगे। पहले चरण में ‘पिंक’ और ‘ब्लू’ कार्ड जारी किए जाएंगे, जबकि ‘ऑरेंज’ कार्ड बाद में लाया जाएगा। डीटीसी ने कार्ड जारी करने के लिए ‘हिंडन मर्केंटाइल लिमिटेड’ (मुफिनपे) और ‘एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड’ को अधिकृत किया है। ये कार्ड राष्ट्रीय राजधानी के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में मौजूदा स्वचालित किराया वसूली प्रणाली से एकीकृत होंगे। पिंक कार्ड सरकार के खर्च पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Dwarka Hit and Run केस: नाबालिग ड्राइवर की ज़मानत पर सस्पेंस, Court ने फैसला रखा सुरक्षित

खौफनाक: बस्ती में रसगुल्ला खाने पर 11 साल के मासूम को जलते तंदूर में फेंका, हालत नाजुक

Kerala Student Suicide: BDS छात्र Nitin Raj की मौत पर बवाल, ABVP की शिकायत पर एक्शन में कमीशन

West Bengal में फर्जी पत्रकार कांड? सुवेंदु का दावा- TMC कार्यकर्ताओं को I-PAC दे रहा Press ID