Sansad Diary: गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की उठी मांग, राज्यसभा में वंदे मातरम पर चर्चा

By अंकित सिंह | Dec 11, 2025

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। इस सप्ताह संसद के दोनों सदनों में सामान्य कामकाज देखने को मिला है। हालांकि, आज लोकसभा और राज्यसभा दोनों में ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंक झोंक हुई है। राज्यसभा में जहां जेपी नड्डा और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच में वार-पलटवार हुआ। वहीं, लोकसभा में निशिकांत दुबे की मांग पर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। लोकसभा ने उन विधेयकों पर विचार कर रही संसदीय समिति का कार्यकाल बृहस्पतिवार को बढ़ा दिया, जिनमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने का प्रावधान है। वहीं, लोकसभा में बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उस समय एक विचित्र स्थिति से गुजरना पड़ा जब अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों के प्रश्नों का जवाब देते समय उन्हें जेब में हाथ डाले रखने पर नसीहत दी। 

कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने केंद्र सरकार से मांग की कि देश में देसी गायों की नस्लों को संरक्षण देना चाहिए और गाय को ‘राष्ट्रमाता’ या ‘राजमाता’ का दर्जा दिया जाना चाहिए। कांग्रेस के उज्ज्वल रमण सिंह ने लोकसभा में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा, ‘‘गाय राष्ट्रीय पहचान और गौरव का प्रतीक है। देश में देसी गायों की आबादी तेजी से घट रही है। उनकी गरिमा, सम्मान और संरक्षण की तत्काल आवश्यकता है।’’ 

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का मुद्दा बृहस्पतिवार को लोकसभा में उठाया और कहा कि सरकार को बहाना बनाना बंद कर, ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सदन में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया। सदन में कांग्रेस के सचेतक ने कहा, ‘‘दिल्ली में लोग वायु प्रदूषण से इतने परेशान हैं कि सांस नहीं ले पा रहे हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद पर ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्रवाई की बात कही। ठाकुर ने प्रश्नकाल में हिमाचल प्रदेश से संबंधित पूरक प्रश्न पूछने के दौरान कहा, ‘‘देशभर में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध है। सदन में क्या ई-सिगरेट पीने की अनुमति है?’’ जब लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने ‘नहीं’ में जवाब दिया तो ठाकुर ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य पिछले कई दिन से सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं।’’ हालांकि, भाजपा सांसद ने किसी सदस्य का नाम नहीं लिया। 

राज्यसभा की कार्यवाही

जेपी नड्डा द्वारा वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान जवाहरलाल नेहरू पर की गई टिप्पणी के बाद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूछा कि क्या चर्चा का विषय वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ है या फिर चर्चा का मुख्य विषय जवाहरलाल नेहरू हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर नड्डा के भाषण के दौरान हस्तक्षेप किया और नेहरू पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि यह बहस वंदे मातरम को लेकर है या पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर। यहां जो कुछ भी कहा जा रहा है, वह विकृत है और सच नहीं है। राज्यसभा में सदन के नेता ने कहा कि मैं सिर्फ वंदे मातरम की बात कर रहा हूं। अगर जवाहरलाल नेहरू से जुड़ी बातें उन्हें अच्छी नहीं लगतीं, तो मैं क्या कर सकता हूं? समस्या यह है कि शुरू से ही आप लोगों ने भारत की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से समझौता किया है... दुर्गा, सरस्वती, भारत माता और शक्ति इस देश के सभी लोगों के लिए हैं, और सभी को उनमें आस्था है।

बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सदस्य मानस रंजन मंगराज ने बृहस्पतिवार को सरकार से आग्रह किया कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता सुधरने तक संसद के शीतकालीन और बजट सत्रों को राजधानी से बाहर आयोजित किया जाए।

राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने पर खुशी जताते हुए इसे भारत के लिए गौरव की बात बताया। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति ने भारत के प्रमुख उत्सव दीपावली को बुधवार, 10 दिसम्बर 2025 को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किए जाने का जिक्र किया। 

इसे भी पढ़ें: वोट चोरी का फेक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रहा विपक्ष, लोकसभा में बोले अमित शाह, SIR वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सांसद जेबी माथेर हीशम ने केरल के औषधि नियंत्रण विभाग की जांच की मांग करते हुए दावा किया कि हाल के छापों ने राज्य में नकली और घटिया दवाओं की भरमार को उजागर किया है।

तृणमूल कांग्रेस की सदस्य सागरिका घोष ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में पश्चिम बंगाल की दो महिला प्रवासी श्रमिकों को बांग्लादेश भेजे जाने का मुद्दा उठाया और बिना उचित सत्यापन के उन्हें जल्दी से जल्दी निर्वासित करने पर जानना चाहा कि इतनी भी जल्दी क्या है।

प्रमुख खबरें

Kerala Assembly Election 2026: Kanjirappally में त्रिकोणीय महामुकाबला, मंत्री George Kurian की एंट्री से बिगड़ा गेम

Manjeshwar Assembly Seat: BJP के Surendran और IUML के बीच Prestige Fight, किसका पलड़ा भारी

Dharmadam Assembly Seat: LDF के गढ़ Dharmadam में त्रिकोणीय मुकाबला, Pinarayi Vijayan की सीट पर फंसा पेंच

Dubai में न संपत्ति, न Golden Visa, Gaurav Gogoi के आरोपों पर CM Himanta की पत्नी का सीधा जवाब