By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 06, 2024
कर्नाटक के स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री एवं दक्षिण कन्नड़ जिला के प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने राज्य में तेजी से फैल रहे डेंगू के प्रकोप के बीच शुक्रवार को कहा कि मच्छरों के उन्मूलन से ही डेंगू पर नियंत्रण संभव है।
मंत्री ने कहा कि जितने अधिक मच्छर पैदा होंगे डेंगू का खतरा उतना ही बढ़ेगा; इसलिए ऐसी किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए जिससे कहीं पानी एकत्रित हो और मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल स्थिति बने। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बारे में जनता के बीच जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में इस वर्ष चार जुलाई तक डेंगू के 6,676 मामले सामने आए हैं जिनमें से वर्तमान में 695 सक्रिय मामले हैं। इस वर्ष राज्य में डेंगू से अब तक छह लोगों की मौत हुई है।