दिल्ली में डेंगू के मामले 1,000 के पार, एक हफ्ते में 280 से अधिक मामले

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 25, 2021

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में इस साल डेंगू के 1,000 से अधिक मामले आए हैं, जिनमें से 280 से अधिक नए मामले पिछले एक हफ्ते में आए। नगर निगम की सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी मिली है। दिल्ली में इस मौसम में दर्ज किए गए डेंगू के कुल मामलों में से 665 मामले इस महीने 23 अक्टूबर तक दर्ज किए गए। शहर में पिछले दो हफ्तों में मच्छर जनित बीमारी के मामले बढ़े हैं और दिल्ली में इस बीमारी से पहली मौत 18 अक्टूबर को हुई। सितंबर में यहां एक निजी अस्पताल में सरिता विहार निवासी 35 वर्षीय ममता कश्यप की डेंगू से मौत हो गयी थी। सोमवार को मच्छर जनित बीमारियों पर जारी नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार, इस मौसम में 23 अक्टूबर तक डेंगू के कुल 1,006 मामले दर्ज किए गए और एक व्यक्ति की मौत हुई।

इसे भी पढ़ें: नवाब मलिक का वानखेड़े का जन्म प्रमाणपत्र जाली होने का दावा, एनसीबी अधिकारी ने की आलोचना

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 22 सितंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल सितंबर में डेंगू के 188 मामले आए थे और 2019 में 190 मामले आए थे। इससे पहले 2018 में 374, 2017 में 1,103, 2016 में 1,362 और 2015 में 6,775 मामले आए थे। डेंगू मच्छर का लार्वा साफ, ठहरे पानी में पनपता है, जबकि मलेरिया का मच्छर गंदे पानी में पनपता है। मच्छर जनित बीमारियों के मामले आम तौर पर जुलाई और नवंबर के बीच आते हैं, लेकिन ये दिसंबर के मध्य तक भी आ सकते हैं। नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में इस साल 16 अक्टूबर तक मलेरिया के 154 और चिकनगुनिया के 73 मामले आ चुके हैं। मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया में तेज बुखार होता है। डेंगू के मामले बढ़ने के बीच तीनों नगर निगमों ने फॉगिंग और छिड़काव अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को दावा किया कि मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए कीटनाशकों और दवाओं का ‘‘पर्याप्त भंडार’’ है।

प्रमुख खबरें

T20 International में 4788 रन: Smriti Mandhana बनीं दुनिया की नंबर 1 बल्लेबाज

Asian Games: Vidarsa Vinod ने 10m Air Rifle टीम स्पर्धा में जीता Silver Medal

Asian Games Table Tennis: भारतीय पुरुष और महिला टीम ने Indonesia को 3-0 से हराया

Mumbai में Metro निर्माण का बैरिकेड गिरने से 54 वर्षीय बाइक सवार की मौत