By अभिनय आकाश | May 09, 2025
यमन के हूती नियंत्रित राजधानी सना में हवाई अड्डे पर इजरायल के हमले में टर्मिनल भवन तबाह हो गए हैं और खबर है कि करीब 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। इस बात की जानकारी इसके निदेशक की ओर से दी गई। इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा गया था कि इजरायली हमलों में ज्यादा नुकसान होने के बाद हवाई अड्डा अगली सूचना तक सभी उड़ानों को निलंबित कर रहा है। इजराइली सेना ने बताया कि बल द्वारा यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को निशाना बनाकर किये गये हवाई हमलों में राजधानी सना में देश का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरी तरह से तबाह हो गया। सेना ने यह भी बताया कि हवाई हमलों से क्षेत्र में कई बिजली संयंत्रों को नुकसान पहुंचा है।
बता दें कि इजराइल की सेना ने यमन में लाल सागर के किनारे स्थित होदेदा शहर में हूती विद्रोहियों के खिलाफ हवाई हमले किए। यह हमला ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा इजराइल के मुख्य हवाई अड्डे पर मिसाइल दागे जाने के एक दिन बाद किया गया। हूती विद्रोहियों के मीडिया कार्यालय ने कहा कि अमेरिका और इजराइल ने सोमवार दोपहर कम से कम छह हमले किए, जो महत्वपूर्ण होदेदा बंदरगाह को निशाना बनाकर किए गए। विद्रोहियों ने कहा कि अन्य हमलों में होदेदा प्रांत के बाजिल जिले में एक सीमेंट फैक्टरी को निशाना बनाया गया।