Devdutt Padikkal के 167 रन के दम पर India vs Sri Lanka टेस्ट में भारत ने बनाए 460 रन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 16, 2026

... जी उन्नीकृष्णन ... गॉल, 16 अगस्त देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की शानदार पारी भारत के बूते भारत ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के बारिश से प्रभावित दूसरे दिन रविवार को श्रीलंका के खिलाफ दिन का खेल खत्म होने तक नौ विकेट पर 460 रन बना लिए। रविवार को सिर्फ 43 ओवर का खेल संभव हुआ और इस दौरान श्रीलंका के स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। स्टंप्स के समय कुलदीप यादव 12 और प्रसिद्ध कृष्णा एक रन बनाकर क्रीज पर थे।

टीम ने हालांकि 172 रन जोड़कर सात विकेट गंवा दिए। कुछ विकेट श्रीलंकाई स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी से आए जबकि कुछ भारतीय बल्लेबाजों की गलतियों का नतीजा रहे। रात के 131 रन से आगे खेलने उतरे पडिक्कल ने तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर चौका लगाकर 215 गेंदों में अपना पहला 150 रन पूरा किया।

उनकी इस उपलब्धि पर पहुंचने से पहले ही भारत को ऋषभ पंत के रूप में बड़ा झटका लग चुका था। दिन की शुरुआत 27 रन करने वाले पंत को आक्रामक तेवर अपनाने का खामियाजा भुगतना पड़ा। ऑफ स्पिनर केशरा नुवंता की गेंद पर उनका हवा में लहराया गया कमजोर शॉट मिडऑफ की दिशा में सोनल दिनुषा के हाथों में थमा गया।

इसके बाद केएल राहुल बल्लेबाजी के लिए आए। पिछले दिन ऐंठन के कारण 77 रन पर रिटायर हर्ट हुए राहुल अपने स्कोर में सिर्फ पांच रन जोड़ सके। नुवंता की गेंद के टर्न और उछाल को वह समझ नहीं पाए और शॉर्ट लेग पर निशान मधुशंका को आसान कैच दे बैठे।

महज 12 रन देकर दो बड़े विकेट हासिल करने से श्रीलंकाई गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ा। चाय से ठीक पहले उन्होंने पडिक्कल का भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर लिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को प्रभात जयसूर्या ने फ्लाइट से चकमा दिया और विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने उन्हें स्टंप कर दिया।

पडिक्कल की पारी ने तीसरे नंबर पर भारत के लिए एक मजबूत विकल्प पेश किया है। उनके प्रदर्शन से टीम प्रबंधन को तब भी राहत मिलेगी, जब पैर की अंगुली की चोट से उबरकर साई सुदर्शन टीम में वापसी करेंगे। भारत चाय तक पांच विकेट पर 364 रन बना चुका था।

इसके बाद रविंद्र जडेजा को नुवंता (13) ने पगबाधा किया। पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे जुरेल ने शानदार वापसी करते हुए 51 रन की उपयोगी पारी खेली। उनकी पारी में किस्मत का भी साथ रहा।

29 रन के निजी स्कोर पर स्लिप में श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने जयसूर्या की गेंद पर उनका आसान कैच छोड़ दिया। जुरेल ने इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए आठ पारियों के बाद पहली बार अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नुवंता की गेंद को मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा और लाहिरू कुमारा की गेंद पर चौका भी लगाया।

जुरेल ने मानव सुथार (24) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 रन जोड़े। जयसूर्या की गेंद पर धनंजय डि सिल्वा ने जुरेल का शनदार कैच लपक कर अपनी पिछली गलती की भरपाई कर दी। सुथार ने इसके बाद मोहम्मद सिराज (11) के साथ टीम के स्कोर को 447 रन तक पहुंचया लेकिन इसी स्कोर पर दोनों बल्लेबाज आउट हो गये।

श्रीलंका ने दूसरे दिन सात विकेट चटकाये लेकिन पिच से स्पिनरों को मिल रही मदद को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी दिख रहा है।

प्रमुख खबरें

Steve Smith ने 42 टेस्ट पहले ही तोड़ा Joe Root का दबदबा, मगर Bangladesh के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया पर हार का साया

E20 Petrol से कम Mileage की शिकायतों पर सरकार की सफाई, कहा- Driving Style और Maintenance भी है अहम कारण

Classic 350 Gorkha Edition के साथ Royal Enfield का नया दांव, 18 August को खुलेगा इस दमदार Bike की कीमत का राज

Surat में Sunday Off की मांग पर 500 कढ़ाई कर्मचारियों ने किया अमरोली में प्रदर्शन