26/11 Terror Attacks संविधान पर प्रहार, भारत अब देगा मुंहतोड़ जवाब: Devendra Fadnavis

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को बृहस्पतिवार को संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि भारत अपने सैनिकों या नागरिकों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को करारा जवाब देगा। फडणवीस ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों की स्मृति में गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि आतंकवादियों ने जानबूझकर ऐसे स्थानों को निशाना बनाया था जहां विदेशी नागरिक और राजनयिक समुदाय के सदस्य अक्सर आते-जाते थे। उनका मकसद अधिक से अधिक लोगों को मारना और दुनिया को यह संदेश देना था कि भारत पर हमला किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह हमला केवल मुंबई पर ही नहीं बल्कि भारत के संविधान पर भी था। आतंकवादियों से मुकाबला करने वाले पुलिसकर्मियों की बहादुरी को याद करते हुए फडणवीस ने जान गंवाने वाले अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विशेष रूप से तुकाराम ओंबले को याद किया, जिन्होंने कई गोलियां लगने के बावजूद पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को पकड़ लिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कसाब के पास बंदूक थी जबकि ओंबले के पास केवल लाठी थी। गोली लगने के बावजूद उन्होंने कसाब को पकड़ लिया।’’ उन्होंने आतंकवादियों से लड़ते हुए जान गंवाने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों हेमंत करकरे, अशोक कामटे और विजय सालस्कर के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के मेजर संदीप उन्नीकृष्णन को भी श्रद्धांजलि दी। पाकिस्तान से 26 नवंबर 2008 को समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादियों ने हमले किए थे।

इनमें विदेशियों समेत 166 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। यह किसी भारतीय शहर में हुए सबसे घातक आतंकवादी हमलों में से एक था। फडणवीस ने कहा कि कसाब की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने हमलों में पाकिस्तान की संलिप्तता उजागर करने और यह साबित करने में मदद मिली कि आतंकी हमला पाकिस्तान प्रायोजित था।

इन 10 हमलावरों में से नौ मारे गए। कसाब पर मुकदमा चलाया गया, उसे दोषी ठहराया गया और नवंबर 2012 में फांसी दे दी गई। हमलों से पहले मुंबई की रेकी करने वाले प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल डेविड कोलमैन हेडली ने बाद में अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारतीय अदालत में गवाही दी थी।

26/11 की साजिश के एक अन्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को मुकदमे का सामना करने के लिए 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। मुख्यमंत्री ने पिछले साल जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत अपने सैनिकों या नागरिकों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेगा। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवादी हमलों का जवाब देने का अपना संकल्प दिखाया है।

उन्होंने 2016 के उरी और पहलगाम हमलों के जवाब में भारत की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भारत के सैनिकों या नागरिकों पर किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत पाकिस्तान में घुसकर ऐसे हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों को करारा जवाब देगा।’’ उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मुंबई और देश में आतंकी घटनाओं को ‘‘पूरी तरह से समाप्त’’ कर दिया गया है साथ ही ऐसे हमलों को अंजाम देने के प्रयासों को भी विफल कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की मदद से हमने एक सुरक्षित भारत का निर्माण किया है।’’ फडणवीस ने कहा कि मुंबई को बार बार कमजोर करने की कोशिश की गई लेकिन इसके बावजूद मुंबई ने कभी रुकना नहीं सीखा।

उन्होंने कहा, ‘‘शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए हमें आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने के अपने संकल्प को भी दोहराना चाहिए।’’ कार्यक्रम में फडणवीस ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से संबंधित मुद्दों पर भी बात की और कहा कि राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए निर्णय लेना जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही बीडीडी चॉल में रहने वाले पुलिसकर्मियों को अन्य पात्र निवासियों की तरह आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था। उन्होंने राज्य के गृह मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पुलिसकर्मियों की रिकॉर्ड तोड़ भर्ती का भी उल्लेख किया।

प्रमुख खबरें

Arvind Kejriwal ने AAP स्थापना दिवस पर कहा, हम देश के लिए न डरेंगे न पीछे हटेंगे

इंटरनेशनल मंच से डंके की चोट पर NSA डोभाल ने बोली ऐसी बात, देश की सुरक्षा पर हो गया तगड़ा फैसला!

Congress को Lucknow में Samvidhan Raksha Yatra की नहीं मिली अनुमति, कार्यकर्ता देंगे गिरफ्तारी

Congress नेता Supriya Shrinate का दावा, UP में सपा के साथ मिलकर बनाएंगे सरकार