By अनन्या मिश्रा | Nov 24, 2026
गुरु नानक जयंती सिख धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है। गुरुपर्व या गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। यह दिन सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के याद में मनाया जाता है। गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों और विचारों से समाज को सेवा, प्रेम, मानवता और समानता का संदेश दिया था। गुरु पर्व के मौके पर गुरुद्वारों में अरदास, लंगर और कीर्तन का आयोजन होता है। इस बार आज यानी की 24 नवंबर 2026 को गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है।
हर साल कार्तिक माह की पूर्णिमा को प्रकाश पर्व मनाया जाा है। इसको कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती के नाम से भी जाना जाता है। इस बार 24 नवंबर 2026 को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। सिख परंपरा में इस दिन को गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाया जाता है।
गुरु नानक जयंती के मौके पर गुरुद्वारों में कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। लगातार 48 घंटों तक गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया जाता है। वहीं श्रद्धालु सुबह के समय शबद और भजन गाते हुए नगर भ्रमण करते हैं और भव्य जुलूस निकाला जाता है। इसके अलावा बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को भोजन कराया जाता है।
गुरु नानक जयंती सिर्फ जन्मोत्सव ही नहीं बल्कि गुरु नानक देव जी के महान विचारों और शिक्षाओं को भी याद करने का अवसर है। गुरु नानक देव जी ने भेदभाद, ऊंच-नीच और जाति-पाति का विरोध किया था। उन्होंने सभी धर्मों और समुदाय के लोगों को सद्भाव और प्रेम से रहने का संदेश दिया था।