US Court ने आयोवा में खराब विस्फोटक नष्ट करने के लिए सेना को दी मंजूरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

अमेरिका की एक संघीय अपीलीय अदालत ने आयोवा के एक गोला-बारूद निर्माण संयंत्र में बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई टन खराब हो चुकी विस्फोटक सामग्री को विस्फोट के जरिए नष्ट करने का अमेरिकी सेना का रास्ता साफ कर दिया है। अमेरिका की आठवीं सर्किट अपीलीय अदालत का यह आदेश उन दो फैसलों में से एक है, जिनका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इंतजार कर रहे थे। ट्रंप ने सोमवार को सेना को निर्देश दिया था कि वह अदालत की मंजूरी के बिना इन रसायनों को विस्फोट के जरिए नष्ट न करे।

राष्ट्रपति ने कहा कि उनका फैसला नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड की सहमति पर निर्भर करेगा। ‘लेड एजाइड’ के 68 बैरल को विस्फोट के जरिए नष्ट करने की योजना मूल रूप से पिछले शुक्रवार की थी। हालांकि, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसके संभावित प्रतिकूल प्रभावों को लेकर लोगों की व्यापक चिंता के बाद सेना अब तक तीन बार इसकी तारीख बदल चुकी है।

नवीनतम योजना के अनुसार, मौसम की अधिक अनुकूल परिस्थितियों के मद्देनजर ‘थैंक्सगिविंग’ पर्व से ठीक पहले बुधवार को इस विस्फोटक सामग्री को नष्ट किया जाना है। दरअसल मार्च में आयोवा स्थित सेना के गोला-बारूद निर्माण संयंत्र के कर्मचारियों को खराब हो चुके ‘लेड एजाइड’ नामक रसायन से भरे कई दर्जन ड्रम मिले थे। ‘लेड एजाइड’ एक अत्यंत संवेदनशील और विस्फोटक रासायनिक पदार्थ है, जिसमें सीसा होता है।

इसका इस्तेमाल गोला-बारूद और विस्फोटकों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है। इस पदार्थ में क्रिस्टल बनने की प्रक्रिया ने इसे अत्यधिक अस्थिर और खतरनाक बना दिया था। इसके बाद सेना ने रसायन विज्ञान, इंजीनियरिंग और पर्यावरण सुरक्षा के विशेषज्ञों की एक टीम गठित की ताकि इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की योजना तैयार की जा सके।

पर्यावरण संरक्षण संगठनों को डर है कि विस्फोट के बाद निकलने वाले हानिकारक कण हवा में फैलकर जमीन पर जमा हो सकते हैं, जिससे इन लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

प्रमुख खबरें

नेपाल में 5.6 तीव्रता का Earthquake, सिक्किम और उत्तर बंगाल में कांपी धरती

Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदोष काल में दीपदान से मिलेगा 100 अश्वमेघ यज्ञ का फल, प्रसन्न होंगे पितृ

Sourav Das को Delhi Airport पर आव्रजन जांच के दौरान रोका गया, Oxford में देना था व्याख्यान

Guru Nanak Jayanti 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर मनाया जा रहा है प्रकाश पर्व, जानिए धार्मिक महत्व