Dewas में जहरीली शराब से मौतों के दावों के बीच 10 लोग गिरफ्तार, 7.25 लाख का सामान जब्त

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

मध्यप्रदेश के देवास जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम 10 लोगों की मौत के दावों के बीच पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में सोमवार को 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में अलग-अलग लाइसेंसी शराब दुकानों के प्रबंधक और सेल्समैन शामिल हैं और आरोपियों के पास से देशी शराब समेत करीब 7.25 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार से देशी शराब की छह पेटियां बरामद कीं और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने सत्येंद्र ओझा, नितिन सोलंकी, चंद्रशेखर बैरागी, राज, जुगल, राजेंद्र निनामा और विशाल चौहान के साथ मिलकर अवैध रूप से शराब बेचने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े इन लोगों को भी गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में देवास और इंदौर जिलों की तीन लाइसेंसी शराब दुकानों के दो प्रबंधक और दो सेल्समैन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 54 लीटर देशी शराब, एक कार, 10 मोबाइल फोन और 10,000 रुपये नकद समेत करीब 7.25 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुमित अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा,‘‘हम आरोपियों के कब्जे से जब्त शराब की अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में जांच कराएंगे।’’ ग्रामीणों का दावा है कि देवास जिले में चंदाना, बिंजाना और आस-पास के इलाकों में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच जहरीली शराब पीने से कम से कम 10 लोगों की मौत हुई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि इन इलाकों में पिछले एक महीने में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत हुई और कम से कम 40 लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई। जहरीली शराब से लोगों की मौत के दावों को जिला प्रशासन ने शुरुआत में सिरे से खारिज कर दिया था। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद राज्य सरकार ने जांच के लिए पांच सदस्यों वाला उच्चस्तरीय दल गठित किया जिसने छानबीन शुरू कर दी है।

प्रमुख खबरें

Aiden Markram को भरोसा, Australia को हराकर लगातार दूसरे WTC Final में पहुंचेगा South Africa

West Delhi के पंजाबी बाग में स्कूटी फिसलने से कारोबारी राजेश विग की मौत

Delhi High Court का फैसला, 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को 29 सप्ताह का गर्भपात कराने की दी मंजूरी

भुवनेश्वर कुमार के बचाव में उतरे कोच Morne Morkel, T20 में दबाव छोड़कर खेलने की दी सलाह