By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026
इंदौर, चार नवंबर मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में गिरफ्तार ट्रक चालक समेत दो आरोपी मंगलवार रात पुलिस के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हत्याकांड के बाद से फरार ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत (28) को आलीराजपुर जिले से हिरासत में लिया गया।
इस बीच, देवास के शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुमित अग्रवाल ने बताया कि थाना प्रभारी पुरी की हत्या के वक्त ट्रक में चालक रावत के साथ मौजूद धीरज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सीएसपी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद धीरज ने देवास के बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र में पुलिस की हिरासत से भागने का प्रयास किया और एक पुलिसकर्मी से उसकी बंदूक छीनकर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि आरोपी को चेतावनी दी गई, लेकिन इसकी अनसुनी किए जाने पर पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने घायल आरोपी को देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।