धामी ने आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 18, 2023

उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर जारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर प्रदेश की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। प्रदेश में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई मार्ग बंद हो गए जबकि उत्तरकाशी जिले में पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में आकर सड़क से नीचे गिरे टैंपो चालक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। लगातार बारिश से गंगा, यमुना सहित प्रदेश की सभी नदियां उफान पर आ गयी हैं। बारिश के कारण गंगा की सहायक अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर पौड़ी जिले के श्रीनगर में जीवीके जलविद्युत परियोजना के बांध से करीब 3000 क्यूमैक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पानी छोड़े जाने के चलते पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार और देहरादून के जिलाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

ऋषिकेश—यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी झर झर गार्ड के पास भूस्खलन होने से अवरूद्ध हुआ है। राजमार्गों के बंद होने से चारधाम यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चमोली जिले में भारी बारिश के चलते सड़कों पर मलबा आने से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग छिनका, बाजपुर, पीपलकोटी और नंदप्रयाग में बंद हो गया है। कर्णप्रयाग- जौलजीबी राष्ट्रीय राजमार्ग भी हरमनी में तथा चमोली— कुंड राष्ट्रीय राजमार्ग चोपता के पास कई घंटे तक अवरूद्ध रहा। लेकिन इन दोनों ही जगह पर अब मार्ग खुल गया है। भारी बारिश के चलते चमोली जिले के नारायणबगड़ कस्बे से सटे केवर गांव में एक गौशाला भारी मलबे की चपेट में आ गयी जिससे उसमें बंधे चार—पांच पशु दब गए। तहसील नंदानगर में मोख नदी में पानी बढ़ने से नदी तट पर स्थित सैरा गांवके कुछ आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से रूद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पांच स्थानों पर बंद हो गया। सड़क को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में निरन्तर हो रही तेज बारिश के कारण ब्यूंग गाड, तरसाली, फाटा, बांसवाड़ा, तिलवाड़ा जैसे विभिन्न स्थानों पर बोल्डर सड़क पर गिर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Shrikant Bhasi का 1266 करोड़ का बैंक घोटाला, अब ED ने 3.66 करोड़ की Life Insurance Policy भी की जब्त

US Tech Sell-off का असर: Japan से South Korea तक बाजार Crash, AI शेयरों में मचा कोहराम

एक ही दिन दो बड़े Air Crash, France और Saudi Arabia में 25 लोगों ने गंवाई जान

TIAS Convocation: Prof. Sanjay Dwivedi बोले- AI के दौर में Digital Transformation के लिए तैयार हों छात्र