धनखड़ आसियान-भारत व पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए कंबोडिया पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 12, 2022

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार को कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह पहुंचे। धनखड़ अपनी इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। उनके कई अन्य देशों के नेताओं के साथ भी बैठक करने का कार्यक्रम है। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने धनखड़ और उनकी पत्नी की तस्वीरें साझा करते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘माननीय उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और डॉ. सुदेश धनखड़ के आज नोम पेन्ह पहुंचने पर कंबोडिया के डाक एवं दूरसंचार मंत्री सी. वांदेथ ने उनकी अगवानी की।’’

उपराष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आए हैं। नोम पेन्ह पहुंचने पर, उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का कंबोडिया के संस्कृति एवं कला मंत्रीफोइउरंग साकोना ने यहां चाकतो मुख कांफ्रेंस हॉल में स्वागत किया। कंबोडिया दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संघ (आसियान) के मौजूदा अध्यक्ष के तौर परदोनों शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है। धनखड़ शनिवार को नोम पेन्ह में आसियान-भारत स्मारक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

इस साल आसियान-भारत संबंधों की 30वीं वर्षगांठ है और इसे आसियान-भारत मैत्री वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है। उपराष्ट्रपति धनखड़ 13 नवंबर को 17वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसमें आसियान के 10 सदस्य देश ब्रूनेई दारुसलाम, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमा, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपीन और वियतनाम शामिल हैं। इसके अलावा इसमें आठ संवाद साझेदार भारत, चीन, जापान, कोरिया गणराज्य, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस शामिल हैं। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में नेतागण पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन तंत्र को और मजबूत करने के तरीकों के साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितों तथा समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और परमाणु अप्रसार सहित विभिन्न चिंताओं पर चर्चा करेंगे।

प्रमुख खबरें

कनाडा और उड़ानों, वायु मार्गों को जोड़ने के लिए भारत के साथ काम कर रहा : PM Trudeau

भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Ola Mobility के CEO हेमंत बख्शी का इस्तीफा, 10-15 प्रतिशत कर्मचारियों की हो सकती छंटनी

अमेठी, रायबरेली से उम्मीदवारों पर फैसले के लिए खरगे को अधिकृत किया गया: Congress