By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 06, 2020
मुंबई। अपने जमाने के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै का मानना है कि रानी रामपाल की कप्तानी और सविता पूनिया जैसी गोलकीपर की मौजूदगी में भारतीय महिला हॉकी टीम अगले साल होने वाले तोक्यो ओलंपिक में चौंकाने वाले परिणाम देने में सक्षम है। पिल्लै ने टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी के कार्यक्रम ‘द स्पॉटलाइट’ में कहा, ‘‘हमारे पास रानी के रूप में सर्वश्रेष्ठ कप्तान है। मुझे लगता है कि रानी और गोलकीपर सविता टीम को पोडियम तक पहुंचा सकती हैं। टीम वास्तव में कड़ी मेहनत कर रही है, ओलंपिक की तैयारियों में लगी है और मुझे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। ’’ रानी की अगुवाई में भारतीय टीम 2018 एशियाई खेलों में पोडियम तक पहुंची थी। यही नहीं उनकी अगुवाई में टीम ने लगातार दूसरी बार ओलंपिक में जगह बनायी।