धनतेरस पर Maruti Suzuki ने 30 हजार से अधिक गाड़ियां सौंपी, ऑटो सेक्टर में लौटी बंपर खरीदारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

नयी दिल्ली, छह नवंबर नवरात्रि की मजबूत बिक्री के बाद धनतेरस पर भी वाहन कंपनियों और डीलरों ने ग्राहकों को बड़ी संख्या में वाहनों की आपूर्ति की। वाहन खरीद के लिए पवित्र माने जाने वाले इस दिन दोपहिया एवं कार समेत सभी वाहन श्रेणियों में मांग मजबूत बनी रही। पिछले साल जीएसटी दरों में कटौती के बाद लंबित मांग आने से धनतेरस पर बिक्री काफी तेज रही थी।

इस ऊंचे आधार के बावजूद इस बार भी त्योहारी खरीदारी का रुझान सकारात्मक रहा। अग्रणी वाहन कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को धनतेरस पर 30,000 से अधिक वाहनों की डिलिवरी की उम्मीद जताई। कंपनी ने पिछले साल दो दिन तक मनाए गए धनतेरस के दौरान करीब 50,000 वाहन ग्राहकों को सौंपे थे।

मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यपालक अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थ बनर्जी ने कहा कि मजबूत मांग केवल एक दिन तक सीमित नहीं है। गणेश चतुर्थी यानी 14 सितंबर से लेकर धनतेरस तक कंपनी की खुदरा बिक्री चार लाख वाहनों को पार कर गई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 3.46 लाख इकाई थी। टाटा मोटर्स को धनतेरस पर 12,000 वाहनों की आपूर्ति की उम्मीद है।

कंपनी के यात्री वाहन कारोबार के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अमित कामत ने कहा कि धनतेरस पर ग्राहकों की प्रतिक्रिया शानदार रही है। दिवाली के शुभ मुहूर्त में वाहनों की डिलिवरी बुधवार तक जारी रहेगी और कंपनी को उम्मीद है कि खरीदारी का यह रुझान आगे भी बना रहेगा। हुंदै मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी को धनतेरस और दिवाली के दौरान वाहनों की डिलिवरी में करीब 14 प्रतिशत वृद्धि के साथ यह आंकड़ा 16,000 इकाई रहने की उम्मीद है।

वाहन विनिर्माता कंपनियों के महासंघ फाडा के पूर्व अध्यक्ष विनकेश गुलाटी ने कहा कि धनतेरस पर आम दिनों के मुकाबले बिक्री करीब पांच गुना रहती है। पिछले साल जीएसटी कटौती के बाद लंबित मांग पूरी होने से बिक्री का आधार ऊंचा था, इसके बावजूद इस साल बिक्री सकारात्मक बनी हुई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक और सीईओ (वाहन एवं कृषि) राजेश जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी के ज्यादातर मॉडलों का डीलरशिप पर उपलब्ध भंडार लगभग खत्म हो गया है।

अभी परिवहन किए जा रहे वाहनों को छोड़ दें तो डीलरों के पास आठ-नौ दिन से भी कम का भंडार बचा है। फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि दोपहिया, चारपहिया और वाणिज्यिक वाहन समेत सभी श्रेणियों में मांग मजबूत है। हालांकि, इलेक्ट्रिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों में आपूर्ति की कुछ बाधाएं देखने को मिल रही हैं।

जबलपुर स्थित प्लेटिनम निसान डीलरशिप के निदेशक शुभम सिद्धा ने कहा कि बाजार में धारणा सकारात्मक है और ग्रामीण क्षेत्रों से मांग विशेष रूप से मजबूत है। उनकी डीलरशिप पर धनतेरस के दिन सामान्य दिनों के मुकाबले ढाई गुना डिलिवरी हुई। फोर्स मोटर्स के प्रबंध निदेशक प्रसन्न फिरोदिया ने भी कहा कि यात्री वाहन श्रेणी में धनतेरस पर खरीदारी आम तौर पर अधिक रहती है, लेकिन इस बार कंपनी को विभिन्न बाजारों में अच्छी मांग मिल रही है।

नवंबर में भी सकारात्मक प्रदर्शन की उम्मीद है। नई कारों के साथ पुरानी कारों के बाजार में भी त्योहारी मांग मजबूत रही। पुरानी कारों के मंच कार्स24 ने धनतेरस पर 630 कारें बेचीं, जो पिछले साल की समान अवधि से 45 प्रतिशत अधिक है।

प्रमुख खबरें

रेत खनन में 1427 करोड़ के नुकसान पर Durai Murugan पर DVAC की FIR, 34 ठिकानों पर तलाशी

Shakahola केस में 190 बच्चों की मौत के जिम्मेदार Paul Mackenzie को मिली 200 साल की जेल

UP में Diwali और छठ पर Medical College अलर्ट, 24 घंटे चालू रहेंगी जीवन रक्षक सेवाएं

Chennai Open में Vaishnavi Adkar को मिली हार Maya और Shrivalli Quarter Final में पहुंचीं