By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 18 नवंबर अभिनेत्री दीया मिर्जा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर एक तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना ‘किसी बुरे सपने जैसा है’ और उन्हें बात करने की ‘तमीज’ नहीं है। दीया के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। हालांकि, बाद में पता चला कि दोनों कलाकार एक साथ आने वाली वेब सीरीज का प्रचार करने के लिए ऐसा कर रहे थे।
अभिनेत्री ने बुधवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बारे में यह भी कहा कि उनमें बात करने की तमीज नहीं है और उनका व्यवहार भी ठीक नहीं है। थप्पड़ फिल्म की अभिनेत्री दीया ने सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ और ’इंस्टाग्राम’ पर यह पोस्ट साझा किया। ‘एक्स’ पर उनके पोस्ट को छह लाख से अधिक बार देखा गया, जिसे बाद में उन्होंने हटा दिया।
दीया ने लिखा, ‘‘उनके साथ काम करना किसी बुरे सपने जैसा है। बात करने की तमीज नहीं है और उनका रवैया अलग ही स्तर का है। बहुत आक्रामक उनका व्यक्तित्व है।
इस पोस्ट में उन्होंने नवाजुद्दीन को भी टैग किया था। करीब दो घंटे बाद नवाजुद्दीन ने इंस्टाग्राम पर उनकी पोस्ट के जवाब में लिखा, ‘‘रवैये में कमी निकालना आसान है, काम में कमी निकालकर दिखाइए।’’ इस पोस्ट को भी बाद में हटा दिया गया। दरअसल, स्ट्रीमिंग मंच ‘जियोहॉटस्टार’ ने घोषणा की कि दोनों कलाकार उसकी आगामी मेडिकल ड्रामा सीरीज डॉ. हसन में साथ नजर आएंगे।
यह सीरीज 11 दिसंबर को रिलीज होगी। रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी इस सीरीज में नवाजुद्दीन डॉ. इमरान हसन की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार एक असाधारण प्रतिभाशाली और कुछ अलग स्वभाव वाले डॉक्टर का है, जो विशेषज्ञों की टीम के साथ जटिल बीमारियों से जुड़े रहस्यों को सुलझाता है।
दीया मिर्जा इसमें डॉ. पलक जैन की भूमिका निभा रही हैं। यह सीरीज अमेरिकी शो हाउस एमडी का रूपांतरण है। दीया के शुरुआती पोस्ट से सोशल मीडिया पर लोगों में उत्सुकता और नाराजगी पैदा हुई।
लेकिन प्रचार की असलियत सामने आने के बाद कई लोगों ने इस तरीके की आलोचना की। एक उपयोगकर्ता ने लिखा कि बॉलीवुड में फिल्मों और शो को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे प्रचार किए जाते हैं। दूसरे उपयोगकर्ता ने इस तरीके को पुराना बताते हुए कहा कि इस तरह की मार्केटिंग अब काम नहीं करती।
एक अन्य उपयोगकर्ता ने इसे जरूरत से ज्यादा प्रचार बताया। कुछ लोगों ने इसे खराब पीआर रणनीति भी कहा। फिल्मों, वेब सीरीज और ब्रांड के प्रचार के लिए विवाद या गलतफहमी पैदा करने वाले पोस्ट करना मनोरंजन जगत में नया नहीं है।
इसे स्टंट मार्केटिंग कहा जाता है। इसमें कलाकार सोशल मीडिया पर रहस्यमयी पोस्ट, विवादित बयान या भ्रामक घोषणाएं करके लोगों का ध्यान खींचते हैं। जून 2023 में अभिनेत्री काजोल ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने की घोषणा की थी।
उन्होंने लिखा था कि वह अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम से अपने पुराने पोस्ट भी हटा दिये थे। इससे उनके प्रशंसकों को चिंता हुई और निजी जिंदगी में किसी परेशानी की अटकलें लगने लगीं।
बाद में पता चला कि यह उनकी ‘जियोहॉटस्टार’ सीरीज द ट्रायल के प्रचार का हिस्सा था। यह सीरीज उनके ओटीटी करियर की शुरुआत थी। इसी तरह फिल्म निर्माता एवं प्रस्तोता करण जौहर ने 2022 में अपने लोकप्रिय सेलिब्रिटी चैट शो कॉफी विद करण के सातवें सीजन की घोषणा से पहले सोशल मीडिया पर लिखा था कि छह सीजन पूरे करने के बाद यह शो अब वापस नहीं आएगा।
इससे प्रशंसक निराश हो गए। हालांकि, कुछ घंटे बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि शो टेलीविजन पर नहीं आएगा, बल्कि ‘डिज्नी प्लस हॉटस्टार’ पर इसके सातवें सीजन का प्रसारण होगा। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने 2022 में सोशल मीडिया पर ‘मैंने हां कह दिया’ लिखा था।
इससे उनके पूर्व प्रेमी और अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ शादी की अटकलें लगने लगी थीं। बाद में उन्होंने बताया कि यह पोस्ट उनके रियलिटी शो मूविंग इन विद मलाइका के प्रचार का हिस्सा था। जनवरी 2023 में रणबीर कपूर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे एक प्रशंसक का मोबाइल फोन फेंकते दिखाई दिए थे।
इस वीडियो पर सोशल मीडिया में काफी नाराजगी हुई थी। बाद में पता चला कि यह स्मार्टफोन ब्रांड ‘ओप्पो’ के प्रचार के लिए तैयार किया गया था। इसी साल अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने ‘स्पोर्ट्सवेयर कंपनी प्यूमा’ पर आरोप लगाया था कि उसने उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल बिना अनुमति किया है।
बाद में यह भी ब्रांड के साथ उनकी साझेदारी की घोषणा के लिए बनाया गया प्रचार अभियान निकला। हाल के वर्षों में प्रचार के लिए अपनाए गए सबसे विवादास्पद तरीकों में से एक अभिनेत्री और मॉडल पूनम पांडे का मामला रहा। फरवरी 2024 में उनकी सोशल मीडिया टीम ने घोषणा की थी कि ‘सर्वाइकल कैंसर’ से उनकी मौत हो गई है।
इस खबर से देशभर में सनसनी फैल गई। कई मीडिया संस्थानों ने उनकी मौत की खबर प्रकाशित कर दी और फिल्म जगत की हस्तियों ने शोक जताया। हालांकि, अगले दिन पूनम पांडे ने सामने आकर बताया कि वह जीवित हैं और यह घोषणा सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के अभियान का हिस्सा थी।
इस घटना की व्यापक आलोचना हुई थी। लोगों ने स्वास्थ्य जागरूकता जैसे गंभीर विषय के प्रचार के लिए मौत की झूठी खबर फैलाने के तरीके पर सवाल उठाए थे।