डियाजियो बनी देश की शीर्ष शराब कंपनी, पर्नो रिका को पछाड़ हासिल किया पहला स्थान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

फ्रांस की शराब कंपनी पर्नो रिका की भारत में परिचालन से आय वित्त वर्ष 2025-26 में 13.6 प्रतिशत घटकर 23,701.27 करोड़ रुपये रह गई। इसका मुख्य कारण उसका इम्पीरियल ब्लू कारोबार को तिलकनगर इंडस्ट्रीज को बेचना रहा। इस बिक्री के चलते पर्नो रिका ने राजस्व के लिहाज से देश की सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी का स्थान डियाजियो इंडिया (यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड) के हाथों गंवा दिया।

कंपनी पंजीयक (आरओसी) के पास दाखिल वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में पर्नो रिका इंडिया की कुल आय (अन्य आय सहित) 12.8 प्रतिशत घटकर 24,122.03 करोड़ रुपये रह गई। ब्रिटेन की बहुराष्ट्रीय कंपनी डियाजियो पीएलसी का हिस्सा और शेयर बाजार में सूचीबद्ध डियाजियो इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन से 27,816 करोड़ रुपये की आय और 28,294 करोड़ रुपये की कुल एकीकृत आय दर्ज की। यह सालाना आधार पर 4.38 प्रतिशत अधिक है।

पर्नो रिका भारत में अपने कई वैश्विक ब्रांड और सीग्राम पोर्टफोलियो के साथ कारोबार करती है। उसने पिछले कुछ वर्षों से देश की सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी का स्थान बरकरार रखा था। इससे पहले यूनाइटेड स्पिरिट्स ने अपने पोर्टफोलियो को प्रीमियम बनाने की रणनीति के तहत 2021 में अपने लोकप्रिय किफायती व्हिस्की ब्रांड इनब्रू बेवरेजेज को बेच दिया था।

भारत में इन दोनों वैश्विक कंपनियों की कुल आय वित्त वर्ष 2025-26 में 52,416.03 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष के 55,275.6 करोड़ रुपये से 5.17 प्रतिशत कम है। घरेलू कंपनी रैडिको खेतान लिमिटेड ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। वित्त वर्ष 2025-26 में इसकी कुल एकीकृत आय लगभग 22.7 प्रतिशत बढ़कर 20,976.4 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 17,098.5 करोड़ रुपये थी।

खेतान परिवार द्वारा प्रवर्तित यह कंपनी राजस्व के लिहाज से देश की तीसरी सबसे बड़ी मादक पेय कंपनी बनकर उभरी है।

प्रमुख खबरें

नेपाल के PM Balendra Shah द्विपक्षीय वार्ता के लिए दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे

France में सड़कों पर उतरे हजारों लोग, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल

पीएम मोदी ने Samrat Choudhary को दिया आशीर्वाद, वैशाली में बिहार के विकास कार्यों की तारीफ की

Amit Shah बोले, Arunachal Pradesh में NDA सरकार ने दी 1.64 लाख करोड़ रुपये की मदद