नेपाल के PM Balendra Shah द्विपक्षीय वार्ता के लिए दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 22 नवंबर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए और इस दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच होने वाली बैठकों में ऊर्जा एवं आर्थिक सहयोग, सीमा पार संपर्क सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रमुखता से चर्चा होने की उम्मीद है। मार्च में पदभार संभालने के बाद शाह की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। हालांकि, वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे।

छत्तीस वर्षीय बालेन्द्र शाह को लोकप्रिय रूप से ‘बालेन’ के नाम से जाना जाता है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। वह नेपाल एयरलाइंस की नियमित वाणिज्यिक उड़ान से यात्रा कर रहे हैं।

बालेन्द्र शाह 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इसमें उनके मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अलग कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है।

विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने यात्रा से पहले बताया था कि यात्रा के दौरान बालेन्द्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। राय ने यात्रा से पहले बताया था कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी नेपाली प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगे। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इसमें विशेष रूप से संपर्क सुविधाओं के विस्तार, व्यापार, पारगमन, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग बढ़ाने तथा बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर रहेगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्ष ऊर्जा सहयोग से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और नयी परियोजनाओं की आधारशिला रखने पर भी चर्चा करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होने की उम्मीद है।

बालेन्द्र शाह नेपाल में अधिक निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के तहत नेपाल-भारत व्यापार मंच को भी संबोधित करेंगे और भारतीय कारोबारियों के साथ बातचीत करेंगे। ऊर्जा सहयोग और सीमापार संपर्क सुविधाएं भारत-नेपाल संबंधों के प्रमुख स्तंभ बनकर उभरे हैं। दोनों पड़ोसी देश बिजली व्यापार का विस्तार कर रहे हैं।

नेपाल भारत को अपनी अतिरिक्त जलविद्युत बिजली का निर्यात कर रहा है और भारतीय बिजली बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास भी कर रहा है। हाल के वर्षों में पारेषण बुनियादी ढांचे और सीमा पार ऊर्जा परियोजनाओं के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ा है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा है और उनके ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक संबंध गहरे हैं।

भारत नेपाल का प्रमुख व्यापारिक साझेदार और उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण पारगमन मार्ग है। इस वजह से संपर्क सुविधाओं, व्यापार को सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे का विकास द्विपक्षीय संबंधों के महत्वपूर्ण पहलू हैं। नवनिर्वाचित नेपाली प्रधानमंत्रियों के लिए अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत आने की लंबे समय से कूटनीतिक परंपरा रही है।

यह दक्षिणी पड़ोसी देश के साथ संबंधों के महत्व को दर्शाती है। हालांकि, यह परंपरा बाध्यकारी नहीं है। ओली ने 2024 में अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुनकर इस परंपरा से अलग रास्ता अपनाया था।

बालेन्द्र शाह 23 नवंबर को नेपाल लौटेंगे।

प्रमुख खबरें

France में सड़कों पर उतरे हजारों लोग, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल

डियाजियो बनी देश की शीर्ष शराब कंपनी, पर्नो रिका को पछाड़ हासिल किया पहला स्थान

पीएम मोदी ने Samrat Choudhary को दिया आशीर्वाद, वैशाली में बिहार के विकास कार्यों की तारीफ की

Amit Shah बोले, Arunachal Pradesh में NDA सरकार ने दी 1.64 लाख करोड़ रुपये की मदद