IIT Madras में 90% दिव्यांगता को हराकर ऑटो चालक के बेटे J Santhosh ने पाया प्रवेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 04, 2026

चेन्नई, चार सितंबर विभिन्न बीमारियों के कारण 90 प्रतिशत दिव्यांगता के साथ जन्मे जे. संतोष (17) ने किसी प्रतिष्ठित संस्थान में उच्च शिक्षा हासिल करने के कभी असंभव लगने वाले सपने को सच कर दिखाया है। शारीरिक चुनौतियों और आर्थिक परेशानियों को मात देते हुए ऑटो-रिक्शा चालक के बेटे संतोष ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास के ‘डेटा साइंस एंड एप्लीकेशंस’ डिग्री कार्यक्रम में प्रवेश हासिल कर लिया है। संतोष ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा को बताया, ‘‘यह पूरी तरह अविश्वसनीय लग रहा है।

संतोष ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अपने स्कूल में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उनकी लगन को देखते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य रघुपति ने उन्हें आईआईटी मद्रास के ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रम के बारे में बताया। परिसर के शुरुआती दौरे के बाद संतोष ने कई दिनों तक इस पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी जुटाई।

उन्होंने शिक्षकों हरि कृष्णन, अनबू और श्रीनिवासन सहित कई मार्गदर्शकों से संपर्क किया, जिन्होंने चार महीने तक उनका मार्गदर्शन किया, पढ़ाई में उनकी कमियों को दूर किया। संतोष ने कहा, ‘‘अगर उन्होंने मेरा मार्गदर्शन नहीं किया होता तो मुझे नहीं पता कि मैं यह कर पाता या नहीं। उन्होंने मुझसे कहा था, ‘तुम यह कर सकते हो।

तुम्हें अच्छी तरह पढ़ाई करनी है और अपने जैसे कई अन्य लोगों के लिए मिसाल बनना है’।’’ संतोष की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग भी है। संतोष के पिता जेगनाथन परिवार का खर्च चलाने और इलाज व पढ़ाई के खर्चों को पूरा करने के लिए रोज सुबह छह बजे ऑटो-रिक्शा चलाने निकल जाते हैं। वहीं, उनकी मां बानुप्रिया स्कूल के पूरे समय उनके साथ रहती थीं और सहायता करती थीं।

संतोष ने कहा, ‘‘मेरी मां ने लगातार मेरी देखभाल की और मेरे पिता ने ऑटो-रिक्शा से होने वाली कमाई से सभी खर्चों को संभाला। दोनों मेरे जीवन में सबसे बड़े सहारा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Noida Metro में बना नया कीर्तिमान, 23 अक्टूबर को 1.05 लाख यात्रियों ने किया सफर

MP CM Mohan Yadav ने Dhar में 2,388 करोड़ रुपये की Irrigation Project शुरू की

ED ने Mumbai Airport से वकील को पकड़ा, 28000 करोड़ के साइबर फ्रॉड में कार्रवाई

France में महंगाई और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा मार्च, पेरिस में पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले