By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने रविवार को कहा कि उन्होंने राज्य में गन्ना किसानों की समस्याओं और सूखे की स्थिति पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का समय मांगा है। शिवकुमार ने कहा कि वह विपक्षी नेताओं को शामिल करते हुए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री से मिलने और समस्याओं का हल निकालने की अपील करेंगे। मैसूरु हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए शिवकुमार ने कहा, मैंने गन्ना किसानों की समस्याओं और सूखे पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है।
उन्होंने कहा, हर किसी को एक साथ बैठकर समाधान निकालना चाहिए। इस मुद्दे पर राजनीति करने या किसी की आलोचना करने का कोई मतलब नहीं है। दूसरे लोग ऐसा कर सकते हैं, लेकिन मैं नहीं करूंगा।
मुख्यमंत्री होने के नाते मेरी एक जिम्मेदारी है और मैं केवल आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ सकता। हमारा उद्देश्य किसानों और जनता का कल्याण सुनिश्चित करना है। किसानों की आजीविका हमारे लिए महत्वपूर्ण है।