PM Narendra Modi से मिले DK Shivakumar, दिल्ली में निजी बैठक के लिए मांगा समय

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से व्यक्तिगत मुलाकात का अनुरोध किया है, जिसमें वह उनके सामने राज्य से जुड़े कई मुद्दे उठाएंगे। हालांकि, उन्होंने प्रस्तावित चर्चा के विवरण का खुलासा करने से इनकार कर दिया। शुक्रवार को मोदी के बेंगलुरु दौरे से पहले शिवकुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से एक निजी मुलाकात का अनुरोध किया था, जिस पर प्रधानमंत्री ने उनसे दिल्ली आने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं यह नहीं बता सकता कि मैं उनसे क्या बात करने वाला हूं। मुझे यह बताना भी नहीं चाहिए। मैंने कुछ मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उनसे एक निजी मुलाकात का समय मांगा है।

उन्होंने मुझसे दिल्ली आने के लिए कहा है। मैं एक निजी मुलाकात में उनसे कुछ मामलों पर चर्चा करना चाहता हूं।” मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु में ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को हरी झंडी दिखाएंगे और तावरेकेरे से आईआईएम बैंगलोर स्टेशन तक मेट्रो की सवारी करेंगे।

मोदी बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूर जाएंगे, जहां वह कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह राज्य के लिए वित्तीय सहायता और सूखा राहत को लेकर मोदी से अपील करेंगे, शिवकुमार ने कहा, “बिल्कुल।

मुझे पूरी ईमानदारी के साथ ऐसा करना है। हम निश्चित रूप से इन मुद्दों को उठाएंगे।” प्रधानमंत्री के बेंगलुरु दौरे का जिक्र करते हुए शिवकुमार ने कहा कि ‘नम्मा मेट्रो पिंक लाइन’ का उद्घाटन कर्नाटक के लिए गर्व की बात है, जिसने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काफी प्रगति की है। उन्होंने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री कर्नाटक आ रहे हैं।

वह पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। यह कर्नाटक के लिए गर्व की बात है। कर्नाटक ने बहुत अच्छा काम किया है।

अभी कई मुद्दे हैं और काफी कुछ किया जाना बाकी है। प्रधानमंत्री आ रहे हैं और हम पिंक लाइन की शुरुआत कर रहे हैं। मैसूर में भी एक कार्यक्रम है।

मुझे उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा।”

प्रमुख खबरें

Indonesia के Bali में 23 नवंबर से सजेगा Odisha Parab, दिखेगी समृद्ध संस्कृति

Punjab Polls के लिए AAP की दूसरी सूची जारी, कृषि मंत्री समेत 7 विधायकों का टिकट कटा

Pench Reserve सड़क हादसे में BJP MLC के बेटे की संलिप्तता का आरोप, परिणय फुके ने किया खंडन

Kozhikode में Nirmala Sitharaman के फर्जी वीडियो के जरिए महिला से 49.2 लाख रुपये की ठगी