By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026
द्रमुक के वरिष्ठ नेता और पार्टी की कानूनी शाखा के उप सचिव आई. परंथामेन ने तमिलनाडु में मादक पदार्थों की तस्करी के मौजूदा मुद्दों को लेकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर सोमवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के पदाधिकारी सीधे तौर पर मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल हैं जबकि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस पर “पूरी तरह चुप्पी” साध रखी है। पूर्व विधायक ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मादक पदार्थों की जब्ती और उनसे जुड़ी गिरफ्तारियों से संबंधित नौ मामलों की एक सूची पढ़ी और दावा किया कि इनमें राजनीतिक रूप से बाहरी लोगों के बजाय सीधे तौर पर टीवीके के पदाधिकारी शामिल थे।
उन्होंने रोम के सम्राट नीरो का उदाहरण देते हुए कहा कि जब रोम जल रहा था, तब वह बांसुरी बजा रहा था। परंथामेन ने कहा, “क्या राज्य सरकार का अस्तित्व भी है? क्या राज्य पुलिस सो रही है?
ये ऐसे सवाल हैं, जो तमिलनाडु के लोगों के बीच उठ रहे हैं।” उन्होंने इस मुद्दे पर द्रमुक के पिछले शासनकाल से तुलना करते हुए दावा किया कि अलग-अलग पुलिस महानिदेशकों के कार्यकाल में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाए गए थे, जिनमें शैक्षणिक परिसरों की व्यापक तलाशी भी शामिल थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों के प्रति कोई प्रतिक्रिया नहीं देने और युवाओं के कल्याण तथा अपराध से जुड़े मामलों पर ध्यान देने के बजाय अपने विभागों का प्रभार मंत्रिमंडल के मंत्रियों को सौंपकर प्रशासनिक जिम्मेदारी से पीछे हटने का आरोप लगाया। परंथामेन ने कहा, “मुख्यमंत्री इसलिए भी कुछ नहीं बोल रहे हैं क्योंकि मादक पदार्थों की बरामदगी के मामलों में टीवीके के पदाधिकारी शामिल हैं।”