शी चिनफिंग और पुतिन से मिलने चीन पहुंचे Donald Trump, घरेलू तकनीकी बाधाओं से बढ़ी चिंता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

(परिवर्तित फाइल से रिपीट) शेनझेन (चीन), 18 नवंबर (एपी) विश्व की अग्रणी प्रौद्योगिकी शक्ति के रूप में अमेरिका की स्थिति को मजबूत करने की चाहत के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन पहुंचे। हालांकि, अमेरिका में हाल में कई तकनीकी सेवाएं ठप होने से हलकान ट्रंप प्रशासन अमेरिकियों को आश्वस्त करने में जुटा है। इन मुद्दों ने प्रशासन को ऐसे समय में रक्षात्मक स्थिति में ला खड़ा किया है, जब ट्रंप बृहस्पतिवार को चीन और रूस के राष्ट्रपतियों—शी चिनफिंग और व्लादिमीर पुतिन--के साथ होने वाली एक संभावित जटिल त्रिपक्षीय बैठक से पहले अपनी ताकत और दृढ़ता का प्रदर्शन करना चाहते हैं।

एशिया यात्रा के पहले दिन ट्रंप ने इन समस्याओं को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया, जबकि अमेरिका में लोग ईमेल और बैंक खातों तक पहुंचने तथा सुरक्षित हवाई यात्रा करने को लेकर चिंतित थे। ट्रंप ने मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में कहा, ‘‘सब ठीक है।’’ उन्होंने संकेत दिया कि ये समस्याएं अमेरिका के एक ‘‘बड़े और शक्तिशाली’’ देश होने का ही परिणाम हैं। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट, संघीय विमानन प्रशासन (एफएए), जेपी मॉर्गन चेज और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) के संचार नेटवर्क में आई बाधाएं अब ट्रंप की यात्रा पर भारी पड़ने लगी हैं।

इन घटनाओं से यह आशंका पैदा हुई है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है। नयी साइबर कमजोरियों का पता चलने के कारण सॉफ्टवेयर में खामियां और सुरक्षा संबंधी कमियां दूर करने के लिए लगातार सुधार करने पड़ रहे हैं। इस प्रक्रिया को ‘पैचिंग’ कहा जाता है, जिसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी के कामकाज को बेहतर बनाना है।

ऐसे में ट्रंप की यात्रा के दूसरे दिन के आरंभ में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति की ओर से अमेरिकियों को आश्वस्त करने का प्रयास किया। रुबियो ने संवाददाताओं से कहा कि इस बात का ‘‘कतई कोई’’ सबूत नहीं है कि सेवाएं ठप होने की ये घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या इनके पीछे अमेरिका के प्रतिद्वंद्वी देश, साइबर हैकर या अपराधी हैं। ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रूबियो ने कहा, ‘‘ कभी-कभी, जब आप किसी कमज़ोरी का पता चलने पर अपने तंत्र को ठीक करने जाते हैं, तो इससे कुछ समय के लिए रुकावट आ जाती है।’’ चीन के शेनझेन में एयर फोर्स वन के पहुंचने पर, शी ने रनवे पर जाकर ट्रंप का स्वागत किया और उन्हें विशेष सम्मान दिया।

यह कदम, सितंबर में शी की वाशिंगटन की सरकारी यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा किए गए ऐसे ही एक स्वागत-संकेत के जवाब में उठाया गया था। दोनों नेताओं ने हवाई जहाज की सीढ़ियों के पास एक-दूसरे का अभिवादन किया। उन्होंने हाथ मिलाया और बाद में गले भी मिले।

उस वक्त वहां मौजूद नर्तकों का एक समूह फूल और झंडे लहरा रहा था। हालांकि बुधवार को जब पुतिन चीन पहुंचे थे, तब उनकी पुरानी दोस्ती के बावजूद शी ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत नहीं किया। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह चीन के शेनझेन शहर की अपनी यात्रा के दौरान परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेना चाहते हैं।

ऊंची इमारतों और प्रौद्योगिकी उद्योग के लिए मशहूर इस शहर में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दुनिया के कई नेता हिस्सा लेंगे। ट्रंप को उम्मीद है कि व्यक्तिगत संबंधों पर आधारित उनकी बिना पूर्व निर्धारित योजना वाली कूटनीतिक शैली से उन्हें राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल के अंतिम दो वर्ष के दौरान वैश्विक मामलों को नयी दिशा देने वाली कोई उपलब्धि हासिल हो सकती है। ट्रंप ने कहा कि वह शी और पुतिन के साथ परमाणु हथियारों को सीमित करने और यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के बारे में बातचीत करने की योजना बना रहे हैं।

यूक्रेन युद्ध की शुरुआत 2022 में रूस के आक्रमण से हुई थी। हालांकि, इस अभूतपूर्व बैठक के बावजूद विश्लेषकों को किसी महत्वपूर्ण सफलता की उम्मीद नहीं है। यात्रा से पहले, ट्रंप के सहयोगियों ने पत्रकारों को बताया था कि यूक्रेन युद्ध एजेंडे में शामिल नहीं होगा।

लेकिन मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि हर महीने हज़ारों रूसी सैनिकों की मौत ने इस संघर्ष को सुलझाने का एक मौक़ा पैदा किया है।

प्रमुख खबरें

Gorakhpur में काशी की तरह BJP का आएगा डबल जीरो, अखिलेश यादव का दावा

Videocon लोन केस में चंदा कोचर को राहत, Bombay High Court ने रद्द की केस चलाने की मंजूरी

प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों की अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट का CJP, कांग्रेस, AAP-AISA को नोटिस

APEC Summit में मिले Donald Trump और Vladimir Putin, गर्मजोशी से मिलाया हाथ