Iran के साथ युद्ध सैन्य रूप से लगभग खत्म, Donald Trump का बड़ा बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उनके विचार से ईरान के साथ युद्ध ‘‘सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है।’’ उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि वह ईरान पर फिर से हमले करने के पक्ष में फिलहाल नहीं हैं। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ दिन में हुई बैठक के बाद ट्रंप अचानक ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के संवाददाता सम्मेलन कक्ष पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ईरान सैन्य दृष्टि से लगभग समाप्त हो चुका है।

हम फिलहाल यथास्थिति बनाए हुए हैं।’’ ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का ‘‘नेतृत्व खत्म कर दिया गया है’’, लेकिन वह यह सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक समाधान तलाश रहे हैं कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके। मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर हमले फिर से शुरू करने की अपनी धमकी से पीछे हटने के संबंध में ट्रंप का यह अब तक का सबसे स्पष्ट बयान था। पिछले सप्ताह हुए चुनावों में राष्ट्रपति की रिपब्लिकन पार्टी को अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

आठ महीने से जारी इस युद्ध को लेकर अमेरिकी मतदाताओं में असंतोष व्याप्त है। इस संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है और वैश्विक अर्थव्यवस्था का लगभग हर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में फिर से इस बात पर जोर दिया कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देश- कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत और अन्य देश- ‘‘यथास्थिति बनाए रखना पसंद करेंगे।’’ इसके कुछ मिनट बाद पत्रकारों से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने युद्ध से त्रस्त अमेरिकी नागरिकों को आश्वस्त करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि ‘‘सकारात्मक प्रगति हो रही है’’ और उन्हें उम्मीद है कि यह युद्ध ‘‘समाप्त हो सकता है।’’ हालांकि, ट्रंप ने उन हजारों अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बारे में कोई संकेत नहीं दिया, जिन्हें ईरान के तट के निकट तैनात किया गया है। ये सैनिक वैश्विक बाजार में ईरानी तेल की आपूर्ति रोकने के लिए नाकेबंदी बनाए हुए हैं।

प्रमुख खबरें

Nvidia CEO Jensen Huang के चीनी एजेंट से रिश्ते की FBI जांच, Donald Trump बोले नहीं होगी परेशानी

Bombay High Court ने गिरगांव चौपाटी पर Chhath Puja मनाने की अनुमति मांगने वाली याचिका खारिज की

Chhath Puja पर बिहार के घाटों पर पटाखों और निजी नावों पर रोक, आपात स्थिति में मुस्तैद रहेगी QMRT

Gujarati New Year पर PM Narendra Modi ने दी बधाई, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की