डबल इंजन की सरकार ने डबल ताकत से किया UP में सुधार, मोदी ने कहा- पहले की सरकार समाजवादी नहीं, परिवारवादी

By अंकित सिंह | Oct 20, 2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 280 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माण किये जाने वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुशीनगर की आधारशिला रखी। इसके साथ ही 180 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 12 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर मोदी ने कहा कि आज महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती भी है, इस पावन अवसर पर कनेक्टिविटी के, स्वास्थ्य के और रोजगार के सैकड़ों करोड़ के नए प्रोजेक्ट कुशीनगर को सौंपते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज बनने से आपको अब इलाज के लिए एक नई सुविधा मिल गई है। इससे बिहार के सीमावर्ती इलाकों को भी इसका लाभ मिलेगा। यहां से अनेक युवा डॉक्टर बनने का अपना सपना पूरा कर पाएंगे। मोदी ने कहा कि जब मूल सुविधाएं मिलती हैं, तो बड़े सपनों को देखने का हौसला और सपनों को पूरा करने का जज्बा पैदा होता है। जब झुग्गी में रहने वालों को पक्का घर मिले, घर में शौचालय, बिजली, गैस का कनेक्शन हो, नल से जल आए, तो गरीब का आत्मविश्वास अनेक गुना बढ़ जाता है। मोदी ने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार, डबल ताकत से स्थितियों को सुधार रही है। वर्ना 2017 से पहले जो सरकार यहां थी, उसे आपकी दिक्कतों से, गरीब की परेशानी से कोई सरोकार नहीं था। उन्होंने कहा कि लोहिया जी कहा करते थे कि कर्म को करूणा से जोड़ो, भरपूर करुणा से जोड़ो। लेकिन जो पहले सरकार चला रहे थे, उन्होंने गरीब के दर्द की परवाह नहीं की, पहले की सरकार ने अपने कर्म को, घोटालों से जोड़ा, अपराधों से जोड़ा। 

मोदी ने कहा कि यूपी के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि इन लोगों की पहचान समाजवादी की नहीं, परिवारवादी की बन गई है। इन लोगों ने सिर्फ अपने परिवार का भला किया, समाज का और उत्तर प्रदेश का हित भूल गए। केंद्र सरकार ने एक और योजना शुरू की है जो भविष्य में यूपी के ग्रामीण इलाकों में समृद्धि का नया द्वार खोलने वाली है। इस योजना का नाम है- पीएम स्वामित्व योजना। इसके तहत गांव के घरों की घरौनी यानि घरों का मालिकाना दस्तावेज़ देने का काम शुरु किया है। योगी की तारीफ सरते हुए मोदी ने कहा कि 2017 से पहले जो सरकार यहां पर थी, उसकी नीति थी- माफिया को खुली छूट, खुली लूट। आज योगी जी के नेतृत्व में यहां माफिया माफी मांगता फिर रहा है और सबसे ज्यादा दर्द भी माफियावादियों को हो रहा है। 

इसे भी पढ़ें: कुशीनगर एयरपोर्ट का PM मोदी ने किया उद्घाटन, कहा- सबके साथ और प्रयास से हो रहा देश का विकास

मोदी का दावा

मोदी ने कहा कि एक समय में उत्तर प्रदेश, देश के हर बड़े अभियान के लिए चुनौती मान लिया जाता था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश के हर बड़े मिशन की सफलता में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बीते वर्षों में स्वच्छ भारत अभियान से लेकर कोरोना के विरुद्ध अभियान में देश ने लगातार अनुभव किया है। देश में प्रतिदिन औसतन सबसे ज्यादा वैक्सीन लगाने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। जब कानून का राज होता है, अपराधियों में डर होता है, तो विकास की योजनाओं का लाभ भी तेजी से गरीब, दलित, शोषित, पिछड़ों तक पहुंचता है। नई सड़कों, नए रेल मार्गों, नए मेडिकल कॉलेजों, बिजली और पानी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज गति से विकास हो पाता है। इसे योगी जी की पूरी टीम जमीन पर उतारकर दिखा रही है। 

प्रमुख खबरें

Chinese Communist Party ने Zhang Youxia और Liu Zhenli को सेना व पार्टी से निकाला

जातिवार जनगणना के बाद UP का चार हिस्सों में हो सकता है बंटवारा: Om Prakash Rajbhar

West Bengal: सांप्रदायिक तनाव की साजिश मामले में MLA Humayun Kabir बहरामपुर थाने पहुंचे

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम: 21 सितंबर की प्रमुख खबरों का संक्षिप्त विवरण