By अनन्या मिश्रा | Nov 21, 2026
भारत में विज्ञान को नई ऊंचाइयां देने वाले वैज्ञानिक डॉ सीवी रमन का 21 नवंबर को निधन हो गया था। वह वैज्ञानिक होने के साथ-साथ एक महान शिक्षक भी थे। उनको दुनिया रमन प्रभाव के लिए ज्यादा जानती है। डॉ सीवी रमन ने अपना पूरा जीवन देश में विज्ञान और उसकी शिक्षा के लिए लगा दिया। सीवी रमन को विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। वह एक समर्पित और कर्मठ वैज्ञानिक, शिक्षक और देशभक्त के तौर पर कार्य करते रहे। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर सीवी रमन के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
मद्रास प्रेसिडेंसी के तिरुचिरापल्ली 07 नवंबर 1888 को सीवी रमन का जन्म हुआ था। उनका पूरा नाम चंद्रशेखर वेंकट रमन था और वह पढ़ाई में काफी तेज थे। स्नातक करने से पहले सीवी रमन ने ध्वनिकी और प्रकाशिकी पर काम करना शुरूकर दिया था। वहीं लंदन से वापस आते समय उन्होंने रमन प्रभाव के खोज की प्रेरणा मिली, जिसके लिए उनको साल 1930 में नोबेल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने प्रकाश के पदार्थ माध्यमों पर प्रभाव पर अपना अध्ययन जारी रखा।
इसे भी पढ़ें: Indira Gandhi Birth Anniversary: 'गूंगी गुड़िया' से लेकर देश की आयरन लेडी तक, जानिए इंदिरा गांधी का शानदार सफर
हालांकि रमन उन वैज्ञानिकों में नहीं थे, जो सिर्फ अपने प्रयोगों में डूबे रहते। साल 1926 में उन्होंने इंडियन जनरल ऑफ फिजिक्स की शुरुआत की और फिर साल 1933 में बेंगलुरू में भारतीय विज्ञान संस्थान के पहले निदेशक का पद संभाला। इसी साल सीवी रमन ने भारतीय विज्ञान अकादमी की स्थापना की। इसके बाद साल 1948 में भारतीय विज्ञान संस्थान से रिटायर होने के 1 साल बाद बेंगलुरु में रमन अनुसंधान की स्थापना की और साल 1970 तक इसी में सक्रिय रहे।
हालांकि बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी है कि सीवी रमन ने प्रकाशकी के अलावा बहुत से विषयों पर शोध किया था। रमन प्रभाव से पहले सीवी रमन ने ध्वनिकी और भारतीय वाद्ययंत्रों के विज्ञान पर बहुत कार्य किया। इसके बाद उन्होंने बहुत सारे लोगों के साथ मिलकर अलग-अलग शोधकार्य किए थे। उन्होंने फोटोन के स्पिन पर भी कार्य किया और बाद में इससे प्रकाश के क्वांटम स्वभाव को सिद्ध किया जा सका।
वहीं 21 नवंबर 1970 को डॉ सीवी रमन ने 82 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।